BJP प्रवक्ता ने अखिलेश पर साधा निशाना, कहा- जिससे अपना घर नहीं संभल रहा है वो प्रदेश क्या संभालेंगे

punjabkesari.in Wednesday, Jan 19, 2022 - 02:01 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियों में जुबानी हमला जारी है। इसी क्रम में भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने अखिलेश यादव के चुनाव लड़ने पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव भारतीय जनता पार्टी के काम की नकल करते है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनाव लड़ रहे है तो अखिलेश पर भी दबाव है जिससे वह चुनाव लड़ने का फैसला ले रहे है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो अपने परिवार को संभाल नहीं सकता वह प्रदेश को कैसे चलाएगा।

राकेश त्रिपाठी ने कहा कि पिछले चुनाव में उन्होंने अपने पिता को पार्टी से बाहर कर पार्टी के अध्यक्ष पद से हटा दिया। फिर अपने चाचा शिवपाल को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया। इस चुनाव में मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई है। इससे साफ होता है कि पार्टी में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। फिर उनकी सरकार में महिलाएं कैसे सुरक्षित रहेंगी। उन्होंने कहा कि अखिलेश चाहे जितनी कोशिश कर ले सपा की पराजय निश्चित है। भाजपा सरकार बनाएगी और अखिलेश जी ताली बजाएंगे। 

Content Writer

Ramkesh