जब दुल्हन ने दूल्हे को छोड़ बॉयफ्रेंड को पहनाई वरमाला, फिर शुरु हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा

punjabkesari.in Saturday, Apr 21, 2018 - 01:38 PM (IST)

बिजनौरः उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। यहां एक शादी समारोह में दुल्हन ने दूल्हे की जगह अपने प्रेमी को वरमाला डाल दी और दूल्हा बेचारा पास खड़ा ये सब देखता रह गया। इस घटना के बाद दूल्हा और सभी बाराती गुस्से में आ गए। उन्होंने दुल्हन के साथ शादी करने वाले लड़के की जमकर पिटाई कर दी। 

जानकारी के मुताबिक घटना बिजनौर के नगीना इलाके की है। जहां बुधवार रात को इलाके में एक बारात आई थी। जब सभी लोग नाच-गा रहे थे। तभी बाइक पर सवार एक युवक शादी समारोह में पहुंचा। स्टेज पर दूल्हा और दुल्हन बैठे हुए थे और आस-पास रिश्तेदारों का जमावड़ा था। इसी बीच लड़का स्टेज के नजदीक आया और उसने फूलों की माला लड़की की तरफ उछाली। कमाल देखिए कि माला सीधे दुल्हन के गले में गिरी। जब तक रिश्तेदार कुछ समझ पाते, लड़की कुर्सी से उठी और सामने खड़े लड़के के गले में वरमाला डाल दी। लेकिन इस वाक्ये से तिलमिलाए लड़की के घरवाले और रिश्तेदार लड़के पर टूट पड़े और उसे बुरी तरह से पीट दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लड़के को बचाया।

बताया जा रहा है कि लड़का और लड़की एक ही कॉलेज में पढ़ते हैं और एक दूसरे से पहले से ही प्यार करते हैं। लड़की एक दलित परिवार से है और लड़का ऊंची जाति का है। फिलहाल पुलिस ने लड़के को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि लड़का और लड़की दोनों बालिग हैं, ऐसे में उनके खिलाफ कोई कारवाई नहीं की जा सकती। हालांकि अभी तक इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वहीं लड़का और लड़की के परिवार वालों की अभी तक इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।

Ruby