जब नोट नहीं गिन पाया दूल्हा तो दुल्हन ने किया कुछ एेसा कि बारातियों के उड़े रंग

punjabkesari.in Saturday, Jun 23, 2018 - 12:13 PM (IST)

जौनपुरः उत्तर प्रदेश के जौनपुर में सात फेरों के बाद रस्म अदायगी के दरम्यान कुछ एेसा हुआ कि वधू पक्ष ने वर पक्ष और बारातियों को बंधक बना लिया। इस घटना से पूरे विवाह समारोह में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते ही लोगों में काना-फूसी शुरू हो गई।

दरअसल मामला सरायखाजा थाना क्षेत्र के हमजापुर गांव का है। यहां थाना क्षेत्र के परानापट्टी गांव से बारात आई। डीजे की धुन पर थिरकते हुए बाराती दरवाज़े तक पहुंचे। पूरे जोश के साथ द्वारचार लगा। घरातियों ने बारातियों की खूब आवभगत की। जायमाल का कार्यक्रम पूरा होने के बाद वैदिक मन्त्रोचारण के बीच दूल्हा-दुल्हन ने सात फेरे लिए। दोनों ने सात जन्मों तक साथ रहने की कसमें खाईं। 

सबकुछ ठीक चल रहा था। शादी के बाद दूल्हा दुल्हन कोहबर में रस्म अदा करने पहुंचे। इस दरम्यान वर पक्ष की महिलाओं द्वारा दूल्हे को कुछ नोट देकर गिनने को कहा। नोट हाथ में पकड़ते ही वर की हालत खराब हो गई। वर के हाथ-पैर कांपने लगे। काफी प्रयास के बाद भी वो नोट गिन नहीं पाया। इतने में दुल्हन समेत मौके पर मौजूद अन्य महिलाएं उसे अनपढ़ और मंदबुद्धि बताने लगीं। इसके बाद दुल्हन ने दूल्हे के साथ ससुराल जाने से साफ इंकार कर दिया और जमकर हंगामा करते हुए बारातियों को बंधक बना लिया। 

रिश्ता तोड़ते हए वधू पक्ष दहेज और शादी में खर्च हुए रूपए की मांग करने लगे। पूरी रात दोनों पक्षों में पंचायत हुई, लेकिन कोई हल नहीं निकल पाया। दोपहर में इसकी सूचना थाने पहुंची तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। वधू पक्ष से बात करने के बाद बारातियों को मुक्त कराया गया। फिर दोनों पक्षों को थाने लाकर सुलह समझौता कराया गया। जिसमें लड़का पक्ष ने 23 हजार रूपए के गहने और 13 हजार रूपए नकद लड़की पक्ष को दिए। तब कहीं जाकर बाराती बैरंग वहां से लौट सके। 
 

Ruby