घराती और बाराती के बीच हुआ टकराव तो दूल्हे राजा ने कहा- ‘हमें नहीं करनी है शादी’, तो कार का पहिया खोल ले गई पुलिस

punjabkesari.in Sunday, Jun 13, 2021 - 04:49 PM (IST)

चंदौलीः उत्तर प्रदेश पुलिस आए दिन नए अजीबो-गरीब कांड करके सुर्खियों में बनी रहती है। ताजा फनी मामला प्रदेश के चन्दौली जिले का है। जहां किसी बात पर घराती और बाराती भिड़ गए और सुलह को पहुंची पुलिस ने सुरक्षा के नाम पर दूल्हे की गाड़ी का पहिया ही खोल ले गई। ऐसे कांड से पुलिस फिर से चर्चा में आ गई है।

बता दें कि मामला धानापुर थाना क्षेत्र के कुसुम्ही गांव है। जहां एक शादी में बिगड़े मामले को सुलझाने के लिए लोगों ने पुलिस को फोन किया जिसपर मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़का व लड़की दोनों पक्ष को किसी तरह से शांत कराया। मगर जाते-जाते दूल्हे की गाड़ी का पहिया ही खोल ले गई।

दरअसल लड़की पक्ष के इन्विटेशन पर जिला पंचायत सदस्य के साथ पूर्व प्रधान भी पहुंचे थे। जिनकी गाड़ी बीच रास्ते में खड़ी थी, और हटाते वक्त अनियंत्रित होकर दूल्हे की गाड़ी से टकरा गई। गाड़ी को टकराता देख बारातियों में आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया और उन्होंने पूर्व प्रधान की पिटाई कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर विवाद हुआ जहां नाराज दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया।

इस बाबत प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि विवाद बढ़ने पर दूल्हा ने शादी से इंकार कर दिया था मगर हमने सुलह करा दी। वहीं सुरक्षा के दृष्टिकोण से कार के पहिए खुलवाए गए थे।

 

Content Writer

Moulshree Tripathi