कहां गई विदेश नीति जिसका डंका पीटा जा रहा था: अखिलेश यादव

punjabkesari.in Thursday, Sep 18, 2025 - 12:57 PM (IST)

लखनऊ: ड्रग उत्पादक व निर्यातक देशों में चीन, अफगानिस्तान, पाकिस्तान समेत 23 देशों की सूची में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा भारत को शामिल किए जाने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा, ड्रग उत्पादक और निर्यातक देशों में शामिल किया जाना देश के लिए बेहद शर्मनाक है। साथ ही उन्होंने पूछा है कि कहां गई वह विदेश नीति जिसका डंका पीटा जा रहा था।       

'देश के लिए बेहद शर्मनाक है ये...'
एक्स पर पोस्ट करते हुए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जिस अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए भाजपा के लोग हवन पूजन करते फिर रहे थे, जीत की कामना कर रहे थे और खुशियां मना रहे थे, पटाखे फोड़ रहे थे उसी अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत का घोर अपमान किया। भारत को ड्रग्स उत्पादक एवं निर्यातक देशों में पाकिस्तान के साथ ही सूची में डाल दिया, यह देश के लिए बेहद शर्मनाक है। कहां गई वह विदेश नीति जिसका डंका पीटा जा रहा था।'       

'विदेश नीति शून्य है, केवल खोखले दावे किए जा रहे'
अखिलेश ने कहा कि दरअसल ड्रग्स और अवैध धंधों के काम में भाजपा के लोग शामिल हैं और इसके कारण पूरे देश की प्रतिष्ठा धूमिल हो रही है। विदेश नीति शून्य है, केवल खोखले दावे किए जा रहे हैं। भारत का सर पूरे विश्व में भाजपा ने नीचा कर दिया है, यह देश के लिए एक शर्मनाक पल है। एक अन्य पोस्ट में विदेश में जॉर्जिया में भारतीयों के साथ दुर्व्यवहार को लेकर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा ' विदेशों में भारतीयों के साथ ये बर्ताव देश के लिए बेहद शर्मनाक और वैश्विक स्तर पर भारतीय प्रतिष्ठा पर बड़ा प्रश्नचिन्ह है। क्या भारतीयों के साथ विदेश में ऐसा बर्ताव किया जाएगा। शर्मनाक।' 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static