कौन हैं भारतीय सेना की वो दो महिला अधिकारी, जिन्होंने ''Operation Sindoor'' पर दी मीडिया ब्रीफिंग, दुनिया को बताई Indian Army की शौर्य गाथा!
punjabkesari.in Wednesday, May 07, 2025 - 05:08 PM (IST)

लखनऊ : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत ने पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। भारतीय सेना की ओर से किए गए इस हमले में आतंक के सरगना मसूद अजहर के परिवार के दस लोग और उसके करीबी माने जाने वाले 4 लोगों के मारे जाने की खबर है। भारत की इस कार्रवाई को 'ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया। ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भारतीय सेना की ओर से प्रेस ब्रीफिंग दी गई। यह मीडिया ब्रीफिंग भारतीय सेना की दो जांबाज महिला अधिकारियों ने दी। जिसके बाद से इनका नाम खूब चर्चा में बना हुआ है। ये दो नाम हैं, कर्नल सोफिया कुरैशी (Col. Sophia Qureshi) और विंग कमांडर व्योमिका सिंह (Wing Commander Vyomika Singh)। आइए, आपको बताते हैं कि कौन हैं ये दो महिला अधिकारी जिन्होंने दुनिया को बताई भारतीय सेना की शौर्य गाथा.......
कर्नल कुरैशी ने गुजरात से की है पढ़ाई
लेफ्टिनेंट कर्नल सोफिया कुरैशी का जन्म गुजरात के वडोदरा में 1981 में हुआ था। उनकी प्रारंभिक शिक्षा वडोदरा से हुई है। इसके बाद उन्होंने गुजरात के महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी (MSU) के बड़ौदा से पढ़ाई की। उन्होंने बायोकेमिस्ट्री से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने भारतीय सेना में आने का मन बना लिया।
कुरैशी ने Force 18 में की भारत की अगुआई
लेफ्टिनेंट कर्नल सोफिया कुरैशी ने साल 2016 में थाईलैंड में हुए इंटरनेशनल मिलिट्री एक्सरसाइज ‘Force 18′ में भारत की अगुआई की थी। उनके नाम से जुड़ी यह सबसे बड़ी उपलब्धि है। उनका नाम उस वक्त सुर्खियों में आया और वे एक बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास में भारतीय दल की अगुवाई करने वाली भारतीय सेना की पहली महिला अधिकारी बन गईं। आज लेफ्टिनेंट कर्नल सोफिया कुरैशी भारतीय सेना की एक वरिष्ठ अधिकारी के रूप में जानी जाती हैं।
खेलने कूदने की उम्र में देखा वायुसेना में भर्ती होने का सपना
वहीं अगर बात की जाए विंग कमांडर व्योमिका सिंह तो उन्होंने स्कूल के दिनों से ही भारतीय वायुसेना में शामिल होने का मन बना लिया था। स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने नेशनल कैडेट कोर (NCC) ज्वॉइन कर लिया था। इसके बाद उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। फिर वायु सेना में भर्ती हो गईं। रिपोर्ट्स की मानें तो विंग कमांडर व्योमिका सिंह सेना में जाने वाली अपने परिवार की पहली महिला हैं।