PM मोदी के आलोचक रहे झड़ापिया को क्यों सौंपी गई BJP यूपी की चुनावी कमान

punjabkesari.in Thursday, Dec 27, 2018 - 03:34 PM (IST)

लखनऊ: भाजपा ने लोकसभा चुनाव जीतने के लिए तैयारियों जोर-शोर से शुरु कर दी हैं। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने गत दिनों इन चुनावों के लिए 18 राज्यों में पार्टी प्रभारियों व सह प्रभारियों की नियुक्ति की है। देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश का प्रभारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे बड़े आलोचक गोवर्धन झड़ापिया को बनाया गया है। उनके नाम की घोषणा को लेकर भाजपा के भीतर ही बहुत से लोग हैरान हैं।

2014 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में यह जिम्मेदारी अमित शाह के पास थी। जिनके नेतृत्व में पार्टी ने 80 में से 71 पर जीत हासिल की थी। भाजपा उत्तर प्रदेश में 2014 के प्रदर्शन को दोहराना चाहती है। यह झड़ापिया के लिए बड़ी चुनौती है। बताया जाता है कि झड़ापिया ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहे नरेंद्र मोदी की बड़ी आलोचना की थी। उस समय वह राज्य सरकार में मंत्री थे। 2002 में गुजरात दंगों के दौरान गृहमंत्री पद पर थे और दंगों में उनकी भूमिका पर सवाल उठे थे। तब पीएम मोदी ने उन्हें पद से हटा दिया जिसके बाद वह मोदी के कट्टर आलोचक बने गए।

2007 में उन्होंने इस्तीफा देकर नई पार्टी बना ली और बाद में 2014 में वह भाजपा में शामिल हो गए। मोदी के आलोचक केशुभाई पटेल से उन्होंने हाथ मिला लिया। अब प्रश्न यह उठता है कि मोदी के आलोचक होने के बावजूद झड़ापिया को यूपी की कमान क्यों सौंपी गई। क्योंकि कहा जाता है कि मोदी ना तो कभी अपने आलोचकों को भूलते हैं और ना ही उन्हें माफ करते हैं। लेकिन झड़ापिया के मामले में यह बात बिल्कुल उल्ट है।

Anil Kapoor