पति के इस बात पर उसे छोड़कर चली गई पत्नी

punjabkesari.in Saturday, Feb 06, 2016 - 12:20 PM (IST)

अलीगढ़: अजब उत्तर प्रदेश में गजब-गजब के कारनामे सुनने और देखने को मिलते रहते हैं। अलीगढ़ में एक और इसी तरह का मामला सामने आया है। दरअसल मामला पति-पत्नी के बीच का है। हुआ यूं कि पत्नी के गुटखा खाने की आदत से परेशान पति ने उसे इस लत को छोडऩे की सलाह दी। फिर क्या था पति और पत्नी में इसी बात को लेकर तकरार हो गई और पत्नी ने पति को कहा कि वह उसे छोड़ सकती है लेकिन गुटखा नहीं। हद तो तब हो गई जब वाकई में पत्नी ने ऐसा कर दिया। पत्नी ने पति को छोड़ दिया। जी हां, आपको अजीब लग रहा होगा लेकिन यह सच है।

अलीगढ़ के क्वार्सी थाना में पति मनोज ने पुलिस से गुहार लगाई है कि वे उसकी पत्नी प्रतिज्ञा को वापस ले आएं। मनोज ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी प्रतिज्ञा को गुटखा खाने की लत लग गई थी जिसका वह विरोध करता था। जिससे तंग आकर प्रतिज्ञा घर छोड़कर चली गई। दरअसल, बुलंदशहर निवासी मनोज कुमार की शादी 2001 में अलीगढ़ के सासनी गेट निवासी प्रतिज्ञा से हुई थी। इस दंपति की तीन संतानें हैं। सब कुछ ठीक चल रहा था लेकिन इसी बीच प्रतिज्ञा को गुटखा खाने की लत लग गई। जिसके बाद मनोज उस पर गुटखा छोडऩे का दबाव बनाने लगा। प्रतिज्ञा ने गुटखा तो नहीं छोड़ा लेकिन पति को जरूर छोड़ दिया।