क्या मैनपुरी लोकसभा सीट से उपचुनाव लड़ेंगे शिवपाल सिंह यादव? प्रसपा प्रमुख ने खुद दिया इस बात का जवाब

punjabkesari.in Friday, Nov 04, 2022 - 08:14 AM (IST)

आगरा(ब्रृज भूषण): सपा संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी लोकसभा सीट खाली हो चुकी है। जिसके बाद अब इस सीट पर उपचुनाव होना तय है। अब सवाल यह उठने लगा है कि क्या शिवपाल सिंह यादव यहां से चुनाव लड़ेंगे। इस सवाल का जवाब प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने खुद दिया है।

जानकारी मुताबिक प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने कहा है कि मैनपुरी उपचुनाव वह तभी लड़ेंगे, जब पार्टी की सहमति होगी। शिवपाल यादव ने कहा कि फिलहाल वह देश और प्रदेश की सोच रहे हैं। मैनपुरी सीट पर उप चुनाव लड़ने के सवाल पर वह बोले कि भले ही वह प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं लेकिन पार्टी के अंदर बोर्ड होता है, वह चुनाव लड़ने की सहमति देगा तभी चुनाव लड़ेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि अगले लोकसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी में प्रसपा के विलय को लेकर सारी चीजें भविष्य की हैं। जैसी परिस्थितियां होंगी, वैसा ही निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल ऐसा कुछ नहीं है। उपचुनावों में अब तक सपा की हुई हार और बीजेपी की जीत को लेकर उन्होंने कहा कि यह सवाल आप सपा से पूछिए कि पार्टी क्यों हार रही है।

आपको बता दें कि प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव आगरा में आज पूर्व राज्यमंत्री सीपी राय के घर आए थे। उन्होंने पूर्व राज्यमंत्री की माताजी के निधन पर शोक संवेदना प्रकट की। आगरा में शिवपाल यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। जिसके बाद शिवपाल सिंह यादव इटावा के लिए रवाना हो गए।

Content Editor

Anil Kapoor