पहले से ज्यादा अंतर से जीतेंगे गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनावः केशव मौर्य

punjabkesari.in Monday, Feb 26, 2018 - 03:45 PM (IST)

लखनऊः उत्तरप्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आगामी 11 मार्च को गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में एक बार फिर जीत का विश्वास व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि दोनों ही सीटों पर भाजपा प्रत्याशी पहले के मुकाबले ज्यादा अंतर से जीतेंगे। 

मौर्य ने से कहा कि गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में दोनों ही सीटों पर कमल खिलेगा। इसमें कोई संदेह नहीं है। ज्यादातर लोग भाजपा के जीत के अंतर के बारे में ही बात कर रहे हैं। यह स्पष्ट संकेत है कि दोनों सीटों पर भाजपा की जीत पक्की है। उन्होंने दावा किया कि कुल वोट का 60 प्रतिशत हिस्सा भाजपा के पास है। शेष में बाकी पार्टियां हैं। इन उपचुनाव में भाजपा को मिलने वाली जीत अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा के लिये मजबूत नींव रखेगी।

बता दें कि उप मुख्यमंत्री बनने के बाद मौर्य ने फूलपुर लोकसभा सीट से इस्तीफा दे दिया था। वहीं, गोरखपुर सीट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के त्यागपत्र देने के बाद रिक्त हुई है। इस सवाल पर कि क्या वह फूलपुर लोकसभा सीट से अपने परिवार के किसी सदस्य को भाजपा प्रत्याशी के रूप में देखना चाहते हैं, मौर्य ने कहा कि मेरे प्रति पार्टी कार्यकर्ताओं का स्नेह ही है कि किसी ने यह विचार पेश किया कि मेरे परिवार के किसी सदस्य को उपचुनाव में उतारना चाहिये। हालांकि मैं कार्यकर्तावादी हूं, परिवारवादी नहीं। मैं भाजपा के बड़े परिवार का सदस्य हूं।

गौरतलब है कि गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में भाजपा, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की सम्भावना है। भाजपा ने फूलपुर से कौशलेन्द्र सिंह पटेल और गोरखपुर से उपेन्द्र दत्त शुक्ल को मैदान में उतारा है। गोरखपुर लोकसभा सीट सीधे तौर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिष्ठा से जुड़ी है। गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा सीट उपचुनाव का मतदान 11 मार्च को होगा, जबकि नतीजे 14 मार्च को आएंगे।