Winter Weather Alert: यूपी वालों अगले तीन दिन रहें सावधान! इन जिलों में Cold Day और इनमें Red, Orange और Yellow अलर्ट जारी

punjabkesari.in Friday, Dec 19, 2025 - 10:10 AM (IST)

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में अब कड़ाके की ठंड पड़ने लग गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश में आगामी तीन दिनों तक कड़ाके की ठंड की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार आज से 21 दिसंबर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में ठंड का प्रकोप बना रहेगा और सुबह के समय द्दश्यता बेहद कम हो सकती है। विभाग ने 19 दिसंबर की सुबह से 20 दिसंबर की सुबह तक के लिए प्रदेश के बड़े हिस्से में अत्यधिक घने कोहरे और शीत दिवस का रेड अलर्ट जारी किया है। 

तापमान में आई भारी गिरावट 
मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ एके सिंह ने बताया कि निचले वायुमंडल में बनी प्रतिकूल परिस्थितियों, उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। खासकर तराई और मैदानी क्षेत्रों में ठंड अधिक महसूस की जाएगी। विभाग के मानकों के अनुसार, जब मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो जाता है और सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक कम रहता है, तो उसे शीत दिवस कहा जाता है। वहीं यदि अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक कम हो जाए, तो गंभीर शीत दिवस की स्थिति मानी जाती है। 

कई जिलों में कोल्ड डे
आईएमडी के अनुसार, देर रात से सुबह के समय प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छाया रहेगा। कई स्थानों पर द्दश्यता 50 मीटर से भी कम रह सकती है। इससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर पड़ने की आशंका है। मौसम विभाग का कहना है कि आज पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे के साथ शीत दिवस की स्थिति बनने की संभावना है। कुछ जिलों में बहुत घना कोहरा भी छा सकता है। वहीं, दूसरे दिन भी प्रदेश के बड़े हिस्से में ठंड का असर जारी रहेगा। कई जिलों में कोल्ड डे और कहीं-कहीं गंभीर कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है। सुबह के समय घना कोहरा यातायात को प्रभावित कर सकता है। जबकि तीसरे दिन भी ठंड और कोहरे से राहत के आसार कम हैं। खासकर तराई क्षेत्रों में बहुत घना कोहरा और ठिठुरन बनी रह सकती है।       


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static