स्थानीय लोगों की मदद से श्रमिकों ने यमुना एक्सप्रेसवे पर लगाया जाम, घर पहुंचाने की उठाई मांग

punjabkesari.in Thursday, May 14, 2020 - 07:36 PM (IST)

मथुरा: कोरोना वायरस की बढ़ती चेन को तोड़ने के लिए देशव्यापी लॉकडाउन जारी है। ऐसे में मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट आन पड़ा। जिससे वे अपने घरों के लिए पैदल ही जाने को मजबूर हो गए। इसी बीच घर जा रहे सैकड़ों श्रमिकों ने गुरुवार को मथुरा के बाजना के समीप यमुना एक्सप्रेसवे पर जाम लगा दिया। इसकी सूचना मिलने पर प्रशासन में हड़कंप मच गया। अधिकारी मौके पर पहुंचे। श्रमिकों ने वाहनों से गंतव्य तक पहुंचाने की मांग की। इस पर अफसरों ने प्राइवेट वाहनों से उन्हें भेजने की व्यवस्था की। 

सोशल डिस्टेंसिग की उड़ी धज्जियां
बता दें कि कोरोना संकट के बीच दिल्ली, हरियाणा और नोएडा की ओर से पिछले कई दिन से हजारों प्रवासी मजदूर पैदल अपने गंतव्य की ओर जा रहे हैं। गुरुवार को नोएडा की ओर से आए सैकड़ों श्रमिक यमुना एक्सप्रेसवे के 61 माइलस्टोन पर एकत्र हो गए। आसपास के स्थानीय लोग भी यहां आ गए। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने श्रमिकों को उनके घर तक पहुंचाने की मांग को लेकर एक्सप्रेसवे पर जाम लगा दिया। इससे जरूरी सेवाओं में लगे वाहनों की कतारें लग गईं। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिग की धज्जियां उड़ गई।

SDM ने श्रमिकों को उनके गंतव्य तक छोड़ने का दिया आश्वासन
जाम की सूचना पर पहुंचे एसडीएम कृष्ण दत्त तिवारी और सीओ रवि पाराशर ने श्रमिकों को उनके गंतव्य तक छोड़ने का आश्वासन दिया। जिसके बाद श्रमिकों ने जाम खोल दिया। पुलिस ने प्राइवेट वाहनों से श्रमिकों को उनके गंतव्य तक भेजना शुरू कर दिया। इस दौरान थाना प्रभारी नौहझील विनोद कुमार, चौकी प्रभारी नीटू सिंह, मुनेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static