नगर निगम ने अतिक्रमण हटवाने के साथ वसूला 12 हजार का जुर्माना

punjabkesari.in Saturday, Jan 20, 2018 - 05:29 PM (IST)

सहारनपुर: नगर निगम एवं प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों पर सख्ती कर दी है। अब अतिक्रमण हटवाने के साथ जुर्माना भी वसूल किया जा रहा है। घंटाघर से कोर्ट रोड पर जहां अतिक्रमण हटवाया गया, वहीं आधा दर्जन अतिक्रमणकारियों से 12 हजार का जुर्माना भी वसूल किया गया।

बता दें कि शुक्रवार को निगम एवं प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान घंटाघर कोर्ट रोड से शुरू होकर रेलवे ओवर ब्रिज से रेलवे स्टेशन तक चला। अतिक्रमणकारियों में निगम की जे.सी.बी. को देख हड़कंप मच गया। हालांकि, रेलवे ब्रिज से जी.पी.ओ. रोड पर ज्यादा अतिक्रमण न होने से अभियान में तेजी नहीं थी। घंटाघर से जैसे ही अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू हुआ तो कोर्ट रोड के दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर रखे सामान को समेटना शुरू कर दिया।

इस दौरान कुछ लोगों ने मामूली विरोध भी किया। सड़क पर रेहड़ी और ठेले वाले दुकानदार अतिक्रमण हटाओ दस्ते को देख चलते बने। इसके बाद अतिक्रमण हटाओ दस्ता रेलवे ब्रिज से रेलवे स्टेशन पर पहुंचा। अतिक्रमण हटाओ अभियान में निगम के ए.ई विजेन्द्र पाल, सैनेटरी इंस्पेक्टर, पुलिस बल, प्रशासन व निगमकर्मी मौजूद थे। रेलवे स्टेशन के निकट अतिक्रमण हटाने के साथ जुर्माना भी वसूल किया गया।

निगम के ए.ई. विजेन्द्र पाल ने बताया कि स्टेशन के निकट 5-7 अतिक्रमणकारियों से 12 हजार का जुर्माना वसूल किया गया। इनके अलावा दीवानी कचहरी के सामने राणा शूज स्टोर पर भी जुर्माना किया गया। उन्होंने कहा अतिक्रमणकारियों को बख्शा नहीं जाएगा और इसके विरुद्ध सख्ती से अभियान चलाया जाएगा, ताकि शहर की सड़कें चौड़ी हो और यातायात सुलभ हो सके।