योगीराज बना जंगलराज, दबंगों ने महिला होमगार्ड को बीच सड़क पर जिंदा जलाया

punjabkesari.in Monday, Jun 10, 2019 - 04:13 PM (IST)

बरेलीः यूपी में इन दिनों जंगलराज कायम है। योगी राज में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। इसकी ताजा उदाहरण बरेली में देखने को मिली है। जहां ड्यूटी पर जा रही महिला होमगार्ड पर दबंगों ने बीच सड़क पर केरोसिन डालकर ज़िंदा जला दिया। महिला होमगार्ड को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां महिला होमगार्ड ने अपने दामाद पर ज़िंदा जलाने का आरोप लगाया है।

जानिए पूरा मामला? 
अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही महिला होमगार्ड का नाम कांति देवी। कांति देवी आज शाम बरेली कालेज में ड्यूटी के लिए जा रही थी तभी बारादरी थाना क्षेत्र में पागल खाने के पास एक महिला और पुरुष ने उसे घेर लिया और फिर केरोसिन डालकर आग लगा दी। महिला की चीखने चिल्लाने पर वहां से निकल रही महिला की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने उसे फौरन जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। लेकिन हालत ज्यादा नाजुक होने की वजह से उसे वहां से निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

महिला होमगार्ड को जिंदा जलाया
वहीं महिला के भतीजे दीपक ने बताया कि महिला होमगार्ड के मकान पर उसके दामाद की बुरी नियत है और वो उस पर कब्जा करना चाहता है, जिस वजह से उसने उसे ज़िंदा जला दिया। वहीं महिला का भी यही आरोप है कि उसे उसके दामाद ने जलाया है। वहीं महिला होमगार्ड के कलमबंद बयान लेने पहुंचे मजिस्ट्रेट आशुतोष गुप्ता का कहना है कि उन्होंने महिला के बयान ले लिए है जो गोपनीय होते हैं।

क्या कहना है पुलिस का?
वहीं एसपी सिटी अभिनंदन सिंह का कहना है कि महिला को सड़क पर सुनसान इलाके में केरोसिन डालकर ज़िंदा जलाया गया है। उसे अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। उनका कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 

Anil Kapoor