अब मार्निंग वॉक भी सुरक्षित नहीं, टहलने निकली महिला को बेखौफ बदमाशों ने मारी गोली

punjabkesari.in Friday, Dec 14, 2018 - 11:42 AM (IST)

आगरा: ताजगंज के वृंदावन गार्डन के पास सुबह मार्निंग वॉक पर गई कौलक्खा के प्रधान की पुत्रवधू को गोली मार दी गई। महिला को घायल हालात में देखने के बाद अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के आने से पहले लोग महिला को अस्पताल में भर्ती करवा चुके थे।

घटना के बाद लोगों का कहना था कि अब तो मार्निंग वॉक भी सुरक्षित नहीं है। घायल महिला ने गोली मारने के मामले में पुलिस को अपने पति का नाम बताया है। ताजगंज पुलिस के अनुसार कौलक्खा के प्रधान सुनहरी के बेटे जेपी की पत्नी सुंदरी (40) सुबह पौने 6 बजे के करीब टहलने के लिए कौलक्खा स्थित वृंदावन गार्डन में जा रही थी। गार्डन के पास आते ही बाइक सवार 2 युवकों ने पीछे से उसे गोली मार दी। लोगों ने बाइक सवार हमलावरों को पकड़ने का भी प्रयास किया लेकिन वे भाग निकले। गोली महिला के कंधे पर लगी है।

एसपी सिटी प्रशांत वर्मा ने अस्पताल पहुंचकर अपनी छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को जांच में पता लगा है कि महिला का अपने पति से विवाद चल रहा है। वह 10 वर्षों से अपने पति से अलग अपने सास-ससुर के साथ रह रही है। पति ने दूसरी शादी कर रखी है। वह अपनी दूसरी पत्नी के साथ ही रहता है। उक्त महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति ने ही उसको गोली मारी है। सीओ सदर उदयराज सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर आते ही मुकद्दमा दर्ज कर लिया जाएगा।

Anil Kapoor