UP: दर्द से कराहती महिला को अस्पताल से भगाया, सड़क पर देना पड़ा बच्चे को जन्म

punjabkesari.in Sunday, Aug 13, 2017 - 02:59 PM (IST)

मऊः मऊ में जिला अस्पताल की लापवाही के चलते एक महिला को सड़क पर ही बच्चे को जन्म देना पड़ा। आरोप है कि महिला अस्पताल के स्टाफ ने हालत को गम्भीर बताते हुए भर्ती करने से मना कर दिया। वहीं आला अधिकारी जांच की बात कहकर पल्ला झाड़ रहे है।

दरअसल दर्द से कराहती इस महिला ने सड़क पर आते ही बच्चे को जन्म दे दिया। मामला सामने आने के बाद अधिकारियों ने जांच के आदेश दे दिए है। बता दें कि वसुंधरा अइलख गांव की रहने वाली गर्भवती महिला को पेट में दर्द के बाद उसके परिजन एंबुलेंस से महिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां तेज दर्द से पीड़ित महिला को हालत गम्भीर बताकर भर्ती करने से मना कर दिया।

वहीं महिला बेहोश होकर सड़क पर गिर गई और उसने बच्चे को जन्म दिया। इस दौरान महिला अस्पताल की एक दाई ने मदद की। पीड़‍िता के प‍िता बुधराम ने बताया कि अस्पताल के स्टाफ ने बिना जांच किए ही खून की कमी और क्रिटिकल कंडीशन बताकर भर्ती करने से मना कर दिया। हम लोग अस्पताल का चक्कर काटते रहे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

गौरतलब है कि गोरखपुर के बीआरडी मेड‍िकल कॉलेज में दर्जनों बच्चों की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है। वहीं इतनी संख्या में मौतों के बाद भी यूपी का स्वास्थ्य महकमा सुधरने का नाम नहीं ले रहा है।