सनसनीखेज खुलासा: पति को छोड़ प्रेमी के साथ रह रही थी महिला, गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Aug 04, 2017 - 12:12 PM (IST)

इलाहाबादः इलाहाबाद के झूंसी इलाके में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां पुलिस ने दिल्ली से उस युवती को जिंदा बरामद किया है, जिसकी हत्या के जुर्म में परिजनों ने ससुरालवालों पर मामला दर्ज कराया था।

जानकारी के मुताबिक झूसी आवास निवास कालोनी के सेक्टर-3 में रहने वाले रामचंद्र पांडेय ने अपनी बेटी अनुपमा की शादी एक साल पहले बलिया के रहने वाले एक लड़के के साथ की थी। लड़का भोपाल में रह कर काम करता था। पिता ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ससुराल वाले दहेज की मांग करते थे। पिता ने कहा कि जब बेटी मायके से ससुराल आ रही थी तभी रास्ते में ससुर और दामाद ने मिलकर उसकी हत्या करके लाश कहीं गायब कर दी।

महिला के पिता ने थाने में ससुराल वालों पर दहेज हत्या का मामला दर्ज करा दिया था। इस मामले में पुलिस ने 6 लोगों को नामजद भी किया, लेकिन पुलिस ने ससुरालवालों की गिरफ्तारी नहीं की। पुलिस ने सर्विलांस के जरिए पता लगाया तो युवती की लोकेशन दिल्ली में मिली। जिसके चलते पुलिस ने दिल्ली जाकर लड़की और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि महिला की दोस्ती हिमाचल के रहने वाले अश्वनी से 2015 में फेसबुक के जरिए हो गई थी। 25 जनवरी 2017 को महिला की विदाई होने वाली थी।  महिला अपने ससुराल नहीं जाना चाहती थी। उसने फोन करके अपने प्रेमी को बुलाया और 22 तारीख को उसके साथ चली गई थी। पुलिस ने सर्विलांस के जरिए मृतक महिला को जिंदा बरामद कर लिया गया है। वहीं पुलिस ने पिता के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरु कर दी गई है।