पंचायत में महिलाओं की भागीदारी से महिला हिंसा पर लगेगी रोक: रीता बहुगुणा

punjabkesari.in Wednesday, Dec 13, 2017 - 08:50 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की महिला एवं परिवार कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने कहा है कि पंचायत में महिलाओं की भागीदारी से ग्रामीण स्तर तक महिलाओं की समस्याओं, हिंसा और बाल विवाह की रोकथाम में मजबूती आएगी। जोशी ने एक कार्यक्रम में कहा कि भारत पहला देश है जिसमें स्थानीय निकाय तक महिलाओं की भागीदारी है। पंचायत में महिलाओं की भागीदारी से ग्रामीण स्तर तक महिलाओं की समस्याओं की रोकथाम में मजबूती आती है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था और विकास को सुनिश्चित करने के लिए पंचायत एक अहम ढांचा है। पंचायतों की भूमिका और जवाबदेही महिलाओं के विकास और सुरक्षा के लिए निर्धारित करने की आवश्यकता है, जिससे महिलाएं पंचायतों में नेतृत्व की भूमिका में आएं। महिला कल्याण विभाग महिला प्रधानों के लिए प्रशिक्षण आयोजित करेगा, जिससे वे हर चुनौती का पूर्ण सामथ्र्य से सामना कर सकेंगी।

समारोह में लिगांनुपात बढ़ाने एवं महिला हिंसा से संरक्षण के लिए गांव-गाव में गोष्ठियां, नुक्कड़ नाटक, जैंडर भेदभाव पर समझ बनाने के लिए प्राइमरी स्कूलों से डिग्री कालेज तक बच्चों के साथ संवाद, निबन्ध लेखन, पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पखवाड़े के समापन समारोह में महिला प्रधानों ने ग्रामीण स्तर पर उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों को सांझा किया, साथ ही उन्होंने सरकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। महिला कल्याण मंत्री ने गांवों में सराहनीय और उल्लेखनीय स्तर तक कार्य करने वाली महिला प्रधानों को सम्मानित भी किया।