योगी राज में महिलाएं-बच्चियां पूरी तरह असुरक्षित और अपराधियों के हौसले बुलंद: अजय लल्लू

punjabkesari.in Tuesday, Apr 06, 2021 - 08:31 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में महिलाएं और बच्चियां पूरी तरह असुरक्षित है जबकि अपराधियों के हौसले बुलंद है। लल्लू ने जारी बयान में कहा कि महिलाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म और हत्याओं के बाद पुलिस आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज नही करती, जिससे अपराधियों के हौसले चरम पर हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ जिस तरह वीभत्स और घृणित घटनाएं सामने आ रही हैं, उसे सुनकर रूह कांप जाती है मगर योगी सरकार झूठ बोलकर उन पर पर्दा डालने का पाप करती है। जिससे अपराधियो के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय उनके पक्ष में बयानबाजी कर पीड़ित महिलाओं, बच्चियों के चरित्र हनन का प्रयास करती है। योगी सरकार में कानून का राज नहीं बल्कि जंगलराज कायम हो गया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मेरठ के सरधना में कोचिंग के लिए गई 13 वर्षीय बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म व जहर देकर उसको मार डालने वाले आरोपियों के विरुद्ध 5 दिन तक मुकदमा न दर्ज होने का उदाहरण देते हुए कहा योगी सरकार पूरी तरह सामूहिक दुष्कर्म, बलात्कार, हत्या जैसे घृणित अपराध के आरोपियों को संरक्षण देकर उनके हौसले बढ़ा रही है। उन्होने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते अत्याचार, उत्पीड़न पर आरोपियों के साथ खड़े होकर उनके हौसले बढ़ा रही है। लड़कियां दुष्कर्म का शिकार हो रही हैं। मुख्यमंत्री चुनावी पर्यटन पर अन्य राज्यों में जाकर उत्तर प्रदेश की बेहतर कानून व्यवस्था का झूठा बखान कर रहे हैं।

Content Writer

Anil Kapoor