महिला ने अपने 4 बच्चों संग पी जहरीली चाय, भैंस बनी वजह

punjabkesari.in Saturday, Nov 04, 2017 - 01:35 PM (IST)

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): कहते है मायके से मिला प्यार और वहां से आई चीज़ों की विवाहिता के जीवन में बड़ी ही अहमियत होती है। लेकिन यूपी के सीतापुर में एक महिला ने मायके से आई भैंस के लिए खुद और अपने परिवार को एेसी सजा दे दी, जिसके बाद उसका पूरा आशियाना ही उजड़ गया।

भैंस के दूध ना देने से हुआ विवाद
दरअसल गुरुवार को महोली थाना इलाके के रहने वाले अरविंद की भैंस दूध नहीं दे रही थी। तो नाराज होकर अरविंद ने भैंस की पिटाई कर दी। इस बात से उसकी पत्नी आरती बहुत नाराज हुई क्योंकि भैंस उसके मायके से आई थी। अगले दिन अरविंद के खेत जाने पर आरती ने घर में रखे कीटनाशक को चाय में मिलाकर अपनी बेटियों 11 साल की पूजा, 8 वर्ष की प्रीति , 6 साल की रागनी व 6 माह की दुधमुंही बच्ची को पिला दिया।

बच्चों संग खुद भी खाया जहर
इतना ही नहीं खुद आरती ने भी वो जहरीली चाय पी ली। चूंकि कीटनाशक का कड़वा स्वाद लगने पर पूजा व रागनी ने थूक दिया था इसलिए दोनों की जान बच गई। लेकिन बाकी 3 को अस्पताल लाने के बाद भी बचाया नहीं जा सका।

2 बच्चों की बच गई जान
चश्मदीद रागिनी का कहना है कि रात में झगड़ा होने के बाद सुबह जब उसके पापा खेत पर काम करने चले गए तभी मां आरती ने सभी को चाय पीने के लिए दी। जिसके बाद सभी ने चाय पी ली। रागिनी का कहना है कि चाय कड़वी लगने पर उसने कुल्ला कर दिया। वहीं उसकी एक छोटी बहन ने चाय गिरा देने के कारण नहीं पी।

क्या कहती है पुलिस
वहीं एएसपी मधुबन सिंह का कहना है कि पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल कर रही है,जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएंगी।