महिलाओं पर हो रहे अपराध के खिलाफ लड़ाई अनवरत जारी रहेगी: लल्लू

punjabkesari.in Tuesday, Sep 15, 2020 - 08:40 PM (IST)

लखनऊ: महिला कांग्रेस के 37वें स्थापना दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश की गिरती कानून व्यवस्था और बढ़ते महिला अपराधों के विरूद्ध कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता सड़क पर संघर्ष कर रही हैं।  लल्लू ने कहा कि महिला कांग्रेस की प्रत्येक महिला राहुल और प्रियंका के संदेश को अमलीजामा पहना रही हैं और अन्याय के खिलाफ जमकर लड़ रही हैं, डटी हुई हैं और पीछे नहीं हट रही हैं।

कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को याद करते हुए कहा कि महिला कांग्रेस की स्थापना आज के 37 साल पहले इन्दिरा जी ने की थी। इन्दिरा जी जानती थीं कि महिलाओं को उचित मंच दिये बिना भारत का विकास संभव नहीं है। महिलाओं की देश के विकास में भागीदारी बहुत जरूरी है। उन्होने कहा कि आज के परिवेश में महिलाओं को अन्याय के खिलाफ डटकर मुकाबला करना होगा।  महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ममता चौधरी ने इस मौके पर मौजूद सभी महिलाओं को स्थापना दिवस पर बधाई दी और कहा कि जिस प्रकार महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध और अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी जा रही है यह लड़ाई अनवरत जारी रहेगी।

Ramkesh