कड़ाके की ठंड के बीच कंबल के लिए धरने पर बैठी महिलाएं, इंतजार है याेगी के मंत्री

punjabkesari.in Saturday, Dec 30, 2017 - 05:12 PM (IST)

मऊ(जाहिद इमाम): उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने लाेगाें का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर रखा है। गरीबाें काे राहत प्रदान करने के लिए प्रशासन हर तहसील काे कंबल वितरित चुका है। लेकिन मऊ तहसील में महिलाएं इसके लिए धरने तक देने काे मजबूर हैं। 

दरअसल मऊ जनपद के मधुबन तहसील में गरीबों को वितरित किए जाने के लिए1265 कंबल दिए गए हैं। जिसे लेने के लिए शनिवार काे महिलाएं उप जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची। जब महिलाओं ने यह सुना कि माननीय मंत्री जी का निर्देश प्राप्त है कि वह आएंगे तो ही कम्बल बंटेगा। इतना सुनते ही महिलाएं आग-बबूला हो गईं और धरने पर बैठ गईं। 

महिलाओं ने किया एसडीएम की गाड़ी का घेराव 
इसी दौरान महिलाओं ने एसडीएम की गाड़ी का घेराव कर लिया। महिलाओं ने एसडीएम के सामने मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। मजबूरन उप जिलाधिकारी महोदय को नीचे उतरकर महिलाओं के सम्मुख आना पड़ा। 

मंत्री जी का निर्देश नहीं है प्राप्तः उपजिलाधिकारी
उपजिलाधिकारी महोदय का कहना है कि मंत्री जी का निर्देश प्राप्त नहीं है। हम आज उनसे बात करते हैं कंबल 1-2 दिन में वितरित करा दिया जाएगा। 

आपको बता दें कि शासन की तरफ से सभी तहसील स्तर पर कंबल निःशुल्क बांटने के लिए पहले ही उपलब्ध कराए जा चुके हैं। ऐसे में एक जनप्रतिनिधि का इंतजार करना, प्रशासन की और शासन की मंशा पर सवालिया निशान खड़ा करता दिखाई दे रहा है। उल्लेखनीय है कि योगी के कैबिनेट मंत्री दारा सिहं चौहान वन एंव पर्यावरण, जन्तु उद्यान पद पर आसिन है।