शिक्षा के साथ समाज कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें महिलाएं: नाईक

punjabkesari.in Monday, Jul 02, 2018 - 12:03 PM (IST)

सोनभद्रः उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने महिलाओं से शिक्षा के साथ ही समाज के सभी कार्यों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया है। 

राज्यपाल नाईक ने रविवार को वनवासी कल्याण आश्रम के सेवा समर्पण संस्थान के सेवाकुंज आश्रम कारीडाड़ चपकी में स्थानीय नागरिकों विशेषकर महिलाओं व बच्चों को स्वावलंबी बनाने व स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सिलाई मशीन का वितरण किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं तथा लड़कियों को शिक्षा के साथ ही समाज के सभी कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर आत्म निर्भतरता की ओर बढ़ें। उन्होंने आश्रम के पदाधिकारियों के साथ ही सहयोगी संस्थानों के पदाधिकारियों की तारीफ करते हुए आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर बल दिया। 

इससे पहले राज्यपाल ने कारीडाड़ चपकी स्थित सेवाकुंज आश्रम रानी दुर्गावती शूटिंग/तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र का लोकार्पण किया। उन्होंनेे संस्थान के बच्चों का हौसला अफजाई की और कहा कि सोनभद्र एक ऐसा जिला है, जहां 4 प्रदेश मिलते हैं। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्र में बच्चों को शिक्षा देना और संस्कार के साथ ही शूटिंग व तीरंदाजी के गुण सिखाना तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में गौरव प्राप्त करना तारीफ का कार्य है।  

Deepika Rajput