कार्यकर्ता युद्ध स्तर पर करें निकाय चुनाव की तैयारीः बृजलाल खाबरी

punjabkesari.in Friday, Dec 16, 2022 - 07:28 PM (IST)

लखनऊः कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा कि कार्यकर्ता युद्ध स्तर पर निकाय चुनाव की तैयारी करें। खाबरी गुरुवार को पार्टी के सिविक एंड सोशल आउटरीच विभाग की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की ओर से चलाई जा रही भारत जोड़ो यात्रा तमाम राज्यों से होते हुए उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करने वाली है, साथ ही निकाय चुनाव शीघ्र होने वाले हैं, ऐसे में कार्यकर्ता दोनों के लिए युद्ध स्तर पर तैयारी करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों से परेशान हो चुकी है। देश का लोकतंत्र व संविधान दोनों में खतरे में है। हम सबको मिलकर अपने संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए संघर्ष करने की आवश्यकता है।

भाजपा सिर्फ हिंदूवादी होने का ढोंग रचती है
खाबरी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने भाजपा के हिंदूवादी का ढोंग का पर्दाफाश कर दिया है। भाजपा अपने आपको हिंदूवादी कहती है हिमाचल में मुस्लिम आबादी तीन प्रतिशत भी नहीं है। हिमाचल में 97 प्रतिशत हिंदू होने के बाद भी भाजपा सरकार नहीं बना पाई। भाजपा सिर्फ हिंदूवादी होने का ढोंग रचती है, भाजपा सरकार में देश पूरी तरीके से असुरक्षित है।

भारत जोड़ो यात्रा परिवर्तन का संकेत
बृजलाल खाबरी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा राहुल गांधी (कांग्रेस नेता) की अगुवाई में परिवर्तन का संकेत है। उन्‍होंने कहा कि बढ़ती हुई बेरोजगारी, उद्योग व्यापार में मंदी, अमीर गरीब के बीच बढ़ती खाई, संसाधनों की लूट, कमर तोड़ महंगाई, बेरोजगारों एवं किसानों की बढ़ती हुई आत्महत्या, सांप्रदायिक विद्धेष, किसान प्रधान देश में किसानों की दुर्दशा से प्रदेश के साथ-साथ पूरा देश जूझ रहा है। खाबरी ने कहा कि आज परिवर्तन ही एक मात्र विकल्प है, जिससे देश की जनता को एकजुट रखा जा सके तथा नफरत के माहौल को समाप्त किया जा सके। 

Content Writer

Ajay kumar