दुनिया कहने लगी है कि भाजपा लोकतंत्र के लिए खतरा : अखिलेश

punjabkesari.in Saturday, May 11, 2019 - 06:20 PM (IST)

गोरखपुरः सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 'टाइम' मैगजीन की रिपोर्ट के हवाले से भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज दुनिया भी कहने लगी है कि भाजपा लोकतंत्र के लिए खतरा है। अखिलेश ने गोरखपुर से गठबंधन प्रत्याशी राम भुआल निषाद के समर्थन में आयोजित चुनावी रैली में कहा ''आज दुनिया कहने लगी है कि भाजपा लोकतंत्र के लिए खतरा है। दुनिया का सबसे बड़ा अखबार कह रहा है कि अगर भाजपा रही तो लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। दुनिया की सबसे बड़ी टाइम मैगजीन ने भी लिख दिया कि ये बड़े लोग हैं, जिन्होंने समाज को बांटने का काम किया है।''

उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग अच्छे दिन आने की बात कर रहे थे, मगर ऐसा नहीं हुआ। भाजपा सरकार की नींव झूठ और नफरत पर आधारित है। गठबंधन इनकी नींव हिलाएगा। अखिलेश ने कहा कि दिल्ली से लेकर पूरे देश में स्वच्छ भारत अभियान चलाने वाली भाजपा का उत्तर प्रदेश की जनता ने अब तक हुए चुनाव के पांच चरणों में पूरी तरह सफाया कर दिया है। गोरखपुर में सातवें चरण के तहत चुनाव होना है। यह पूरी तरह गठबंधन का चरण है। हमें नहीं लगता कि कहीं भी भाजपा का खाता खुलने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पुरानी सरकारों पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगा रहे हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आतंकवाद पर बोल रहे हैं। जो सरकार एक बर्खास्त जवान से घबरा गयी हो, वह बताओ आतंकवाद से कैसे मुकाबला करेगी। आतंकवाद तो दूर है, हमारी जनता को केवल छुट्टा सांडों से ही बचा लो, तो बड़ी बात होगी। सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि राजधानी लखनऊ में पिछले दो-ढाई महीनों में सांडों की वजह से 11 लोग मारे जा चुके हैं। प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी ऐसी घटनाएं हुई हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं। ऐसी घटनाओं के लिए सरकार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाना चाहिए।

Ruby