रायबरेली सीट से सोनिया गांधी ने दाखिल किया नामांकन, कहा- अजेय नहीं हैं मोदी

punjabkesari.in Thursday, Apr 11, 2019 - 03:49 PM (IST)

रायबरेलीः संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार को रायबरेली लोकसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। बता दें कि, उन्होंने पांचवीं बार इस सीट से नामांकन दाखिल किया है। आत्मविश्वास से लबरेज संप्रग अध्यक्ष पर्चा भरने के बाद अपनी 5वीं जीत के प्रति आश्वस्त नजर आईं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव को जीतकर सरकार बनाने को तैयार है। पीएम नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता और उनके अजेय रहने संबंधी एक सवाल के जवाब में सोनिया ने कहा कि वर्ष 2004 को मत भूलिए तब वाजपेयी जी भी अजेय लग रहे थे, लेकिन हम जीत थे। इस बार भी कुछ ऐसा ही होने वाला है।
इससे पहले सोनिया गांधी ने कांग्रेस कार्यालय में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, उनके दामाद रॉबर्ट वाड्रा, उनके बच्चे और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। पूजा-अर्चना के बाद सोनिया गांधी ने कलेक्ट्रेट तक के लगभग 700 मीटर के रास्ते पर ‘रोड शो’ किया। रोड शो में समर्थकों की भारी भीड़ थी। इस दौरान समर्थक नारे लगा रहे थे ‘इस बार 5 लाख पार’। मतलब पांचवीं बार इस संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ रही गांधी की जीत का अंतर 5 लाख वोटों से अधिक होगा।
उल्लेखनीय है कि, रायबरेली लोकसभा सीट के लिए मतदान 5वें चरण के तहत 6 मई को होगा। यहां सोनिया का मुकाबला दिनेश प्रताप सिंह से है, जिन्होंने कांग्रेस छोड़कर हाल ही में बीजेपी ज्वाइन की है। वहीं सपा-बसपा गठबंधन ने यहां से कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है। सोनिया इस सीट पर 2004, 2006 (उपचुनाव), 2009 और 2014 में विजयी रही हैं।

Deepika Rajput