राजनाथ सिंह मजबूत नहीं मजबूर नेता, वे जीतने के काबिल नहींः यशवंत सिन्हा

punjabkesari.in Wednesday, May 01, 2019 - 01:56 PM (IST)

लखनऊः लोकसभा चुनाव का समय चल रहा है। ऐसे में प्रत्याशियों के समर्थन में जगह-जगह प्रचार हो रहा है। इसी कड़ी में गठबंधन प्रत्याशी पूनम सिन्हा के लिए प्रचार करने पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने राजनाथ पर जोरदार निशाना साधा है।

राजनाथ सिंह मजबूत नहीं मजबूर नेता- यशवंत
सिन्हा ने कहा कि राजनाथ सिंह मजबूत नहीं मजबूर नेता हैं और वे लखनऊ से जीतने के काबिल नहीं हैं। व्यक्तिगत तौर पर मेरा राजनाथ सिंह से मधुर संबंध है। यूपी के मुख्यमंत्री और केंद्र में अटल सरकार में भी मंत्री रहे, लेकिन आज गृहमंत्री होकर भी सरकार में मजबूर नजर आए। मुझे नहीं लगता कि वे लखनऊ से जीत के काबिल हैं। और वे लोगों की उम्मीदों पर भी खरे नहीं उतरेयशवंत सिन्हा ने इस दौरान केंद्र की मोदी सरकार को भी कई मुद्दों पर घेरा।

'चुनाव आयोग का मतलब इलेक्शन कमीशन ऑफ़ मोदी हो गया'
यशवंत सिन्हा ने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का मतलब इलेक्शन कमीशन ऑफ़ इंडिया नहीं इलेक्शन 'कमीशन ऑफ़ मोदी' हो गया है। उन्होंने कहा कि जीएसटी से अर्थव्यवस्था चौपट हो गई। आज रोजगार नहीं है। यशवंत सिन्हा ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार गलत आंकड़े पेश कर रही है। कोई भी आंकड़ा सही नहीं है। नई सरकार आने पर इन सभी आंकड़ों को फिर से ठीक करना होगा।

तीन साल पहले की गई नोटबंदी देश का सबसे बड़ा घोटाला-सिन्हा
उन्होंने कहा कि आज मोदी मुद्दा नहीं है और भी कई मुद्दे हैं जिनका चुनावों में जिक्र नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज नोटबंदी का जिक्र नहीं हो रहा। तीन साल पहले की गई नोटबंदी देश का सबसे बड़ा घोटाला है। यह लाखों करोड़ का घोटाला है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि नोटबंदी के घोटाले में सरकार और पार्टी के लोग शामिल थे। अगर केंद्र में नई सरकार आती है तो उसे इस घोटाले की जांच करवानी चाहिए।
 

Tamanna Bhardwaj