राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा, नामांकन में शामिल होंगे अखिलेश यादव!
punjabkesari.in Sunday, Jun 26, 2022 - 01:09 PM (IST)

लखनऊ: NDA की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मु के खिलाफ विपक्ष ने राष्ट्रपति पद के लिए यशवंत सिन्हा को अपना उम्मीदवार बनाया है। द्रौपदी मुर्मु ने नामांकन कर दिया है। वहीं यशवंत सिन्हा 27 जून को अपना नामांकन करेंगे। बताया जा रहा है कि सपा प्रमुख विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के नामांकन में शामिल होंगे।
उनके नामांकन में शामिल होने के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दिल्ली जाने का फैसला किया है। ऐसे में अब स्पष्ट हो गया है कि अखिलेश यादव यशवंत सिन्हा के नामांकन में शामिल होंगे। इससे पहले शुक्रवार को सपा के सांसद, विधायकों के अलावा संगठन के पदाधिकारियों के साथ अखिलेश यादव ने बैठक की। इस बैठक में सभी से चर्चा के साथ ही चुनाव की रणनीति को लेकर मंथन हुआ। जिसके तय किया गया कि विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को एकजुटता के साथ वोट करना है।
बता दें कि देश के 15वें राष्ट्रपति के चयन के लिए 15 जून को राष्ट्रपति चुनाव के लिए नोटिफिकेशन जारी हो चुका है, नामांकन की अंतिम तारीख 29 जून है। 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव के लिए चुनाव होगा और 21 जुलाई 2022 को परिणाम घोषित किया जाएगा।