बाइज्जत बरी हुए योग गुरु आनंद गिरि, सिडनी कोर्ट ने यौन शोषण के आरोपों को बताया बेबुनियाद

punjabkesari.in Wednesday, Sep 11, 2019 - 12:13 PM (IST)

प्रयागराजः साधु संतों की जानी मानी संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत नरेन्द्र गिरि ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया की सिडनी कोर्ट ने आध्यात्मिक योग गुरु आनंद गिरि पर लगे आरोपों को बेबुनियाद और मनगढ़ंत बताते हुए बाइज्जत बरी कर दिया है।

महंत गिरि ने बताया कि सिडनी पुलिस ने मामले की गहराई से छानबीन करने के बाद अदालत को बताया कि आनंद के खिलाफ लगे सभी आरोप निराधार एवं असत्य हैं। अदालत ने पुलिस द्वारा जांच के कागजात प्रस्तुत करने के बाद अपने फैसले में उनको बेकसूर बताते हुए सभी आरोपों से बरी किया। सिडनी अदालत ने आंनद गिरि का जब्त पासपोर्ट तत्काल रिलीज करते हुए उन्हें भारत जाने की अनुमति प्रदान कर दी है। उन्होंने कहा कि अदालत ने उन्हें बाइज्जत बरी कर सनातन धर्म का अपमान करने वाले लोगों के मुंह पर जोरदार तमाचा मारा है। गिरि ने बताया कि गिरि अगले सप्ताह तक स्वदेश वापस लौटेंगे।

गौरतलब है कि आनंद गिरि पर ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में 2 महिलाओं के साथ अमर्यादित आचरण के आरोप लगने के बाद अदालत ने देश न छोड़ने की हिदायत दी थी। वह पिछले मई माह में अपने धार्मिक प्रचार के लिए सिडनी गए थे, जहां पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था।

Deepika Rajput