बुलंदशहर हिंसा का मुख्य आरोपी योगेश राज गिरफ्तार, इसी ने दी थी गोवंश की तहरीर

punjabkesari.in Tuesday, Dec 04, 2018 - 02:48 PM (IST)

बुलंदशहरः उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में गोवंश को लेकर हुई हिंसा के मुख्य आरोपी योगेश राज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस ने देर रात छापेमारी कर इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 27 नामजद और 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक योगेश राज ने सोमवार को हिंसक भीड़ की अगुवाई की थी। यह स्याना के नयाबांस गांव का रहने वाला है और पहले भी कई विवादों में इसका नाम आ चुका है। पुलिस ने उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 148, 149, 307, 302, 333, 353, 427, 436, 394 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस एफआईआर के अनुसार योगेश राज अपने साथियों के साथ मिलकर भीड़ को भड़का रहा था। 

कौन है योगेश राज?
योगेश राज पहले एक प्राइवेट नौकरी करता था। 2016 में योगेश बजरंग दल का जिला संयोजक बना। उसके बाद नौकरी छोड़कर पूरी तरह संगठन के लिए काम करने लगा। बता दें कि गोकशी की खबर योगेश राज ने ही पुलिस को दी थी। पुलिस के मुताबिक योगेश ने अपनी तहरीर में बताया था कि वह जंगलों में घूम रहा था। इसी दौरान उसने कुछ लोगों को गोकशी करते देखा और पुलिस को सूचित किया।

Ruby