बुलंदशहर हिंसा के मुख्य आरोपी योगेश राज की हुई गिरफ्तारी, इंस्पेक्टर सुबोध की पत्नी बोली- अब मिली सं

punjabkesari.in Thursday, Jan 03, 2019 - 06:46 PM (IST)

बुलंदशहरः बुलंदशहर में हुई हिंसा के मुख्य आरोपी योगेश राज को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आखिर गिरफ्तार कर ही लिया। योगेश की गिरफ्तारी के बाद से ही शहीद इंस्पेक्टर सुबोध सिंह के परिवार को संतुष्टि मिली है। इस पर इंस्पेक्टर सुबोध की पत्नी रजनी सिंह ने कहा कि वह पुलिस की इस कार्रवाई से संतुष्ट हैं। उन्हें आज बहुत ख़ुशी हुई है।

एक निजी चैनल से बातचीत करते हुए रजनी ने कहा कि मुझे आज बहुत ख़ुशी हुई है। साथ ही उन्होंने कहा कि जो एक पुलिस इंस्पेक्टर पर हमला कर के गुंडाराज स्थापित करने की कोशिश कर रहे थे, उनकी हार हुई है।

उन्होंने कहा कि पुलिस के ऊपर लगातार हमले बढ़ रहे हैं, जो कि गलत है। उन्होंने कहा, "ऐसा होना नहीं चाहिए। हमें खुद को देखना चाहिए। पुलिस तो अपना काम कर रही थी। पुलिस गलत कहां थी, वह तो ड्यूटी कर रही थी। पब्लिक को किसने यह अधिकार दिया कि वह पुलिस के ऊपर और वर्दी के ऊपर हाथ उठाए।

ज्ञात हो कि 3 दिसंबर 2018 बुलंदशहर के स्याना इलाके में पशु कटान को लेकर हिंसा भड़क गई थी। इस दौरान इंस्पेक्टर सुबोध कुमार की गोली लगने से मौत हो गई। इसी हिंसा के दौरान ग्रामीण सुमीत कुमार की भी गोली लगने से मौत हो गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी योगेश राज को पुलिस ने 30 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक 33 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।

Tamanna Bhardwaj