BJP प्रत्याशी के समर्थन में योगी ने जनसभा को किया सम्बोधित, कांग्रेस पर साधा निशाना

punjabkesari.in Friday, Oct 18, 2019 - 06:46 PM (IST)

अलीगढ़: यूपी में इगलास विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को सम्बोधित करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश को अराजकता, आतंकवाद तथा नक्सलवाद दिया। कश्मीर पर धारा 370 लगा कर आतंकवाद को जन्म देने का कार्य किया था। साथ ही  कांग्रेस ने 70 साल में देश को बर्बाद किया। वहीं अपनी पार्टी के कार्यों को गिनाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने कश्मीर से धारा 370 हटा कर कश्मीर में विकास का रास्ता खोल दिया है।

लखनऊ में इंवेस्टर मीट का आयोजन किया गया: CM
बता दें अलीगढ़ के गोंडा के लग्समा इंटर कालेज के मैदान में जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में सपा-बसपा काल में अराजकता का बोलबाला तथा जंगलराज था। भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इंवेस्टर मीट का आयोजन किया गया, उसमे अलीगढ़ के लिए भी फूड प्रोसिंग के लिए प्रस्ताव रखा गया है। साथ ही अब वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के तहत इगलास में आलू से चिप्स बनाने की फैक्ट्री भी स्थापित की गई है। जिससे किसानों को उनके आलू की फसल का अच्छा भाव मिले सकेगा।

चरण सिंह किसानों के मसीहा: CM
CM ने बताया कि चौधरी चरण सिंह ने किसानों की खुशाली के लिए कार्य किए और किसानों के चेहरे पर खुशी लेकर आए। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा-बसपा पर तंज कसते हुए कहा कि सपा-बसपा के कार्यकाल में उनके घर ने रमाला चीनी मिल को बर्बाद कर दिया। चरण सिंह किसानों के मसीहा थे। कल्याण सिंह ने अलीगढ़ को सही पहचान दी, ताला उधोग को बढ़ावा दिया, लेकिन बसपा-सपा सरकार ने ताला उधोग को बर्बाद कर दिया।

निर्माण का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी: CM
राजा महेंद्र प्रताप सिंह ने ब्रिटिश हुकूमत को चुनौती दी, अमुवि को महेंद्र प्रताप ने जमीन दान दी, लेकिन उनके नाम की अमुवि में एक भी शिलापट्टिका नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि हमने तय किया है कि राजा महेंद्र प्रताप के नाम से विश्वविद्यालय बनाया जाए। जिसमें जमीन और निर्माण का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी।

 

Ajay kumar