योगी आदित्यनाथ बोले- सपा गठबंधन रेड अलर्ट, BJP सरकार सुरक्षा की गारंटी

punjabkesari.in Wednesday, Feb 02, 2022 - 05:35 PM (IST)

बुलंदशहर: समाजवादी पार्टी (SP) और राष्ट्रीय लोकदल (RLD) गठबंधन को ‘रेड अलर्ट' करार देते हुये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार ही 25 करोड़ जनता की सुरक्षा की गारंटी है। गुलावठी कस्बे में सिकंदराबाद विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी राज सिंह के समर्थन में आयोजित सभा में बोलते हुए योगी ने बुधवार को कहा कि लाल टोपी का मतलब दंगा और सुरक्षा को खतरा है। कैराना, मुजफ्फरनगर के बारे में अनर्गल बयानबाजी करने वालों की बोलती 10 मार्च के बाद फिर से बंद हो जाएगी और वे गले में तख्ती लटका कर पुलिस प्रशासन से रहम की गुहार लगाएंगे।

उन्होंने कहा कि गुंडा और माफियाओं के खिलाफ उनकी नीति जारी रहेगी। उनकी अवैध संपत्ति जब्त होगी और आवश्यकता पड़ने पर बुलडोजर भी चलाया जाएगा। सपा-रालोद गठबंधन पर प्रहार करते हुए कहा ‘‘ दो लड़कों (राहुल गांधी और अखिलेश यादव ) की जोड़ी को प्रदेश की जनता ने पहले भी ठेंगा दिखाया था इस बार भी दो लड़कों (अखिलेश यादव और जयंत चौधरी) की नई बनी इस जोड़ी को भी जनता नकार देगी।''

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकार कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगाती थी जबकि उनकी सरकार ने न केवल कांवड़ यात्रा शुरू कराई, डीजे बजाने की अनुमति दी बल्कि कांवड़ यात्रियों पर पुष्प वर्षा भी कराई। यदि कोई कांवड़ यात्रा में व्यवधान डालने की कोशिश करेगा तो सरकार उसका कायदे से इलाज करेगी। उन्होंने मतदाताओं से उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश और देश में नंबर 1 अर्थव्यवस्था वाला प्रदेश बनाने के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। इस मौके पर पूर्व मंत्री सांसद डॉ. महेश शर्मा राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र सिंह नगर जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल सिसोदिया और निवर्तमान विधायक विमला सोलंकी भी मौजूद रहे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static