योगी आदित्यनाथ बोले- विदेश में फंसे यूपी के लोगों को लाएंगे वापस

punjabkesari.in Sunday, Aug 13, 2023 - 04:04 PM (IST)

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने रविवार को कहा कि विदेश में फंसे उत्तर प्रदेश के लोगों को वापस लाया जाएगा। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को दूतावासों से संपर्क करने के निर्देश दिए हैं। एक आधिकारिक बयान के अनुसार गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

जनता दर्शन में देवरिया व कुशीनगर की कुछ महिलाओं ने अपने परिजनों के थाईलैंड, ओमान आदि देशों में फंसे होने की जानकारी देकर उनकी वतन वापसी की गुहार लगाई। बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने उन्हें मदद का आश्वासन दिया और अधिकारियों को निर्देश किया कि दूतावास से संपर्क कर जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

सीएम ने सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को देने के साथ ही तत्काल और संतुष्टि परक निपटारे का निर्देश दिया। साथ ही लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान करेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दो टूक हिदायत भी दी कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उसकी मदद की जाए।
 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj