ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-2 में बोले योगीः मोदी-शाह के मार्गदर्शन से UP में तेजी से हो रहा काम

punjabkesari.in Sunday, Jul 28, 2019 - 12:35 PM (IST)

लखनऊः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी- 2 का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमित शाह और उद्योगपतियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हमारे लिए यह गर्व का समय है। पीएम मोदी और शाह के मार्गदर्शन से यूपी के हर क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि हम संकल्प पत्र को मंत्र मानकर काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हमने जो अनुमान लगाया था वो ही परिणाम आए। मेहनत के दम पर बीजेपी देश में आगे बढ़ रही है। यूपी को लेकर पहले धारणा खराब थी, लेकिन अब प्रदेश की तस्वीर बदल रही है। यूपी में डेढ़ लाख करोड़ रुपये का निवेश हुआ। करीब 28 लाख युवाओं को रोजगार मिले। 1 साल में 28 फीसदी एक्सपोर्ट बढ़ा। यह हम सभी के लिए बहुत महत्वपूर्ण पल है। इंवेस्टर समिट में मोदी का मार्गदर्शन मिला था। उसका परिणाम यह है कि इसका असर हर जगह दिखने लगा है। उन्होंने कहा कि हम अच्छी नियत से काम कर रहे हैं।

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी ने ट्वीट कर लिखा कि हमारा उद्देश्य और लक्ष्य है उप्र में विकास की धारा को तीव्र गति देना है, जिससे हर एक नागरिक, हर एक वर्ग, शोषितों और वंचितों का सर्वांगीण विकास हो सके। GBC-2 में 65,000 Cr. के करीब 250 प्रोजेक्ट का शुभारंभ होगा। आइए, उत्तर प्रदेश में चल रही औद्योगिक क्रांति का हिस्सा बनिए। उत्तर प्रदेश आगे बढ़ेगा तभी भारत नई ऊंचाइयों को छू सकेगा। उत्तर प्रदेश ने सुनिश्चित कर लिया है कि वो भारत के तीव्र आर्थिक विकास का इंजन बनेगा। हमने उत्तर प्रदेश को भय-मुक्त और व्यापार-युक्त बनाया है। आइए, हम सब मिलकर एक नया उत्तर प्रदेश बनाएं।

Deepika Rajput