यूपी विधान परिषद चुनावः योगी पांच सितंबर को कर सकते हैं नामांकन

punjabkesari.in Thursday, Aug 31, 2017 - 05:59 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश केे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्य विधान परिषद की सदस्यता के लिये आगामी पांच सितंबर को नामांकन कर सकते हैं।  श्री योगी के साथ ही दोनों उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और डा दिनेश शर्मा, परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वतंत्र देव सिंह तथा अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री मोहसिन रजा भी उसी दिन नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्रियों और दोनों मंत्रियों को आगामी 19 सितंबर से पहले विधानमंडल के दोनों सदनों में से किसी एक का सदस्य बनना जरुरी है। विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सदस्यों की संख्या के अनुसार विधान परिषद के उपचुनाव में इनका चुना जाना तय है।

जानकारों के मुताबिक इनका निर्वाचन निर्विरोध सम्भावित है। विधानसभा के प्रमुख सचिव और चुनाव के पीठासीन अधिकारी प्रदीप दुबे ने बताया कि इस चुनाव में विधानसभा के सदस्य मतदाता होते हैं। एक उम्मीदवार को जीतने के लिये कम से कम 28 मतों की आवश्यकता होगी।

विधानसभा में भाजपा के 312 और उनके समर्थक दलों अपना दल के नौ और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के चार विधायक हैं। इस तरह भाजपा और उसके गठबंधन में शामिल विधायकों की संख्या 325 है। इसलिये सभी उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य फूलपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं। विधान परिषद में चुने जाने के बाद दोनों लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देंगे। डा दिनेश शर्मा, स्वतंत्र देव सिंंह और मोहसिन रजा किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। डा शर्मा और श्री रजा पहली बार किसी सदन के सदस्य बनने जा रहे हैं। डा शर्मा दो बार लखनऊ के मेयर चुने जा चुके हैं, लेकिन विधानमंडल के दोनों सदनों या संसद का चुनाव अभी तक नहीं लड़ा है। पार्टी ने पांचों को कल ही उम्मीदवार घोषित किया था।

पार्टी सूत्रों के अनुसार योगी आदित्यनाथ और चारो मंत्री पांच सितंबर को नामांकन दाखिल करेंगे। यह सीटें समाजवादी पार्टी के बुक्कल नवाब, यशवंत सिंह, सरोजनी अग्रवाल और डा अशोक बाजपेयी तथा बहुजन समाज पार्टी के ठाकुर जयवीर सिंह के विधान परिषद से इस्तीफे की वजह से खाली हुयीं हैं। यह पांचों ही भाजपा में शामिल हो गये हैं।

निर्वाचन आयोग ने गत 24 अगस्त को चार सीटों पर उपचुनाव की अधिसूचना जारी की थी। इससे लगता था कि योगी मंत्रिमंडल के एक मंत्री को इस्तीफा देना पडेगा, लेकिन आयोग ने ठाकुर जयवीर सिंह की सीट पर उपचुनाव के लिये भी अधिसूचना जारी कर दी। इससे अब किसी मंत्री को इस्तीफा नहीं देना पड़ेगा क्योंकि पांचों को पार्टी ने उपचुनाव का उम्मीदवार घोषित कर दिया है।

ठाकुर जयवीर सिंह के इस्तीफे से खाली हुई सीट पर आवश्यकता हुई तो 18 सितंबर को मतदान कराया जायेगा जबकि शेष चार सीटों पर जरुरत पडऩे पर 15 सितंबर को मतदान होगा।