योगी ने चौधरी चरण सिंह की जयंती पर अर्पित की श्रद्घांजलि, कहा- किसानों को बनाया आत्मनिर्भर

punjabkesari.in Sunday, Dec 23, 2018 - 04:40 PM (IST)

लखनऊः भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह की 116वीं जयन्ती पूरे प्रदेश में किसान दिवस के रूप में मनाई गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को विधान भवन में चौधरी चरण सिंह की जयंती पर उन्हें श्रद्घांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके साथ राज्यपाल राम नाईक सहित तमाम नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चौधरी जी किसानों के मसीहा थे। उन्होंने किसानों को आत्मनिर्भर बनाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चौधरी का सपना पूरा कर रहे हैं। 2014 के पहले किसानों की समस्याओं पर अधिक ध्यान नहीं दिया जाता था। मोदी के आने के बाद इस पर कार्य किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी सरकार ने अब तक करीब 86 लाख किसानों का औसतन 60 हजार रुपये कर्ज माफ किया। 2017 के पहले यूपी में किसानों की फसल नहीं खरीदी जाती थी पर अब किसानों को उनकी लागत का डेढ़ गुना मूल्य दिया जा रहा है। धान की लागत 1000 रुपये होती है, हम किसानों को 1700 रुपये दे रहे हैं। योगी ने कहा कि हमारी सरकार की प्राथमिकता में किसान हैं। हमने सफलतापूर्वक ऋणमोचन को लागू करवाया। आज भारत का किसान इतना सक्षम है कि पूरी दुनिया का पेट भर सकता है।

 

 

 

Ruby