अंटार्कटिका की सबसे ऊंची पर्वत चोटी पर अरुणिमा ने हासिल की फतह, CM योगी ने दी बधाई

punjabkesari.in Saturday, Jan 05, 2019 - 01:36 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पर्वतारोही अरुणिमा सिन्हा द्वारा अंटार्कटिका की सबसे ऊंची पर्वत चोटी ‘माउंट विन्सन’ फतह किए जाने पर उन्हें बधाई दी है। मुख्यमंत्री योगी ने शनिवार को अपने बधाई संदेश में कहा कि अम्बेडकर नगर निवासी अरुणिमा सिन्हा ने अपनी उपलब्धियों से प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है।

कृत्रिम पैर के सहारे गुरुवार को माउंट विन्सन चोटी पर अरुणिमा सिन्हा ने तिरंगा लहराया। अरुणिमा ने ट्वीटर पर अपनी इस जीत के बारे में जानकारी दी। अरुणिमा ने लिखा कि आखिरकार इंतजार खत्म हुआ और आप सभी को ये बताते हुए मुझे बेहद खुशी हो रही है कि मैंने दुनिया की पहली दिव्यांग महिला जो माउंट विन्सन चोटी पर पहुंची है का खिताब हासिल किया है। आप सभी की दुआओं और प्यार के लिए शुक्रिया, जय हिंद।

ज्ञात हो कि अरुणिमा एक नेशनल लेवल की वॉलीबॉल प्लेयर थीं, लेकिन अप्रैल 2011 में लखनऊ से नई दिल्ली के सफर में कुछ बदमाशों ने उन्हें चलती ट्रेन से धक्का दे दिया था। इस हादसे में उन्होंने अपनी एक टांग गवां दी थी। एक कृत्रिम पैर के सहारे अरुणिमा अभी तक एवरेस्ट, किलिमंजारो, एल्ब्रुस, कास्टेन पिरामिड, किजाश्को और माउंट अंककागुआ पर्वत चोटियों पर फतह हासिल कर चुकी हैं।

Deepika Rajput