शाहनवाज आलम की गिरफ्तारी पर बाेले अजय लल्लू- लोकतंत्र की हत्या पर आमादा है योगी सरकार

punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2020 - 06:51 PM (IST)

लखनऊ: कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के इशारे पर पार्टी कार्यकर्ताओं का दमन करने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य सरकार लोकतंत्र की हत्या करने पर आमादा है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा सरकार दमन का चक्र चला रही है। आए दिन पुलिस के दम पर लोकतंत्र को कुचला जा रहा है। पार्टी अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष शाहनवाज आलम की हाल में देर रात की गई गिरफ्तारी अवैध, अलोकतांत्रिक और निंदनीय है। शाहनवाज का नाम किसी भी प्राथमिकी और आरोपपत्र में नहीं था, फिर भी जबरन देर रात में उनको उठाया गया। 

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के बढ़ते प्रभाव से से भाजपा सरकार बौखला गयी है। यह डरी हुई सरकार है, और फर्जी गिरफ्तारियों से हमें डराना चाहती है, मगर हम डरने वाले नहीं। प्रदेश की भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या पर आमादा है, मगर दूसरी ओर कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता जनता के मुद्दों पर आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

लल्लू ने आरोप लगाया कि योगी सरकार के इशारे पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की मुखबिरी करायी जा रही है। अंग्रेजों के लिए मुखबिरी करने वाले लोग आज कांग्रेस कार्यालय की पुलिस और खुफिया एजेंसी से मुखबिरी तथा रेकी करा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी के गेट पर महीनेभर से पुलिस लगी है। आखिर पुलिस देर रात तक हमारे कार्यालय पर क्या करती है।’’

कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा ने राज्य पुलिस की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर किया जा रहा जुल्म योगी आदित्यनाथ की सरकार का राजनीतिक द्वेषपूर्ण और कायरता भरा कदम है। सरकार विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है। कांग्रेस के बढ़ते प्रभाव से योगी सरकार की बौखलाहट साफ-साफ दिख रही है।

Ajay kumar