किसानों के हितों के लिए कटिबद्ध है योगी आदित्यनाथ सरकारः शाही

punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2020 - 07:08 PM (IST)

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के लिए कटिबद्ध है और इसी क्रम में जिले में दूसरे किसान विज्ञान केन्द्र की स्थापना की गई है। शाही ने आज सिखेड़ा क्षेत्र के चित्तौड़ा गांव की झाल स्थित कृषि विज्ञान केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के खुलने से किसानों को खेती के संबंध में नई-नई जानकारियां मिलेगी जिससे उन्हें लाभ मिलेगा।

उन्होंने ने कहा कि केंद्रीय राज्यमंत्री डा.संजीव बालियान के प्रयास से जिले को यह कृषि विज्ञान केंद्र मिला है। इसमें किसानों को उनकी फसलों, बीज, खाद, कृषि यंत्रों एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां दी जायेगी और उन्हें बताया जायेगा कि अपनी फसलों का सही मूल्य किस तरह से प्राप्त कर सकते है तथा कौन सा खाद व बीज गुणवत्तापूर्ण होगा।

उन्होंने कहा कि किसान विज्ञान केन्द्र पर कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को महत्चपूर्ण जानकारी उपलबध करायी जायेगी। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे इस केंद्र पर आकर ज्यादा से ज्यादा जानकारियां प्राप्त करे, ताकि उन्हे और अतिरिक्त लाभ मिल सके।  इस मौके पर केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने कहा कि हमारा मन था कि इस कृषि विज्ञान केंद्र का उद्घाटन भव्य किया जाए लेकिन कोविड-19 की वजह से कार्यक्रम को सीमित करना पड़ा। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि यह देश का सबसे उत्तम विज्ञान केंद्र बने। 

Moulshree Tripathi