समस्याओं को हल करने की बजाय अपनी झूठी पीठ थपथपाने में लगी है योगी सरकार: प्रियंका

punjabkesari.in Monday, Sep 07, 2020 - 05:13 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रहे कोरोना मरीजों को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका गांधी ने कहा यूपी सीएम का कोरोना पर बयान हास्यास्पद है। यूपी में कोरोना के मामले भयावह रूप ले चुके हैं।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘यूपी सीएम का कोरोना पर बयान हास्यास्पद है। यूपी में कोरोना के मामले भयावह रूप ले चुके हैं। लखनऊ के अस्पतालों के सारे बेड व आईसीयू फुल हैं। अव्यवस्थाओं से लोगों की जानें जा रही हैं। सरकार इन समस्याओं को हल करने की बजाय अपनी झूठी पीठ थपथपाने में लगी है।’’

क्या कहा था मुख्यमंत्री ने? 
बीते दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कारोबार सुगमता (ईज ऑफ डूइंग) रैंकिंग में देश में दूसरा स्थान हासिल करने पर प्रदेशवासियों को बधाई दी थी। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास की अनन्त सम्भावनाएं है। ईज ऑफ डूइंग की रैंकिंग में राज्य को दूसरा स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि गत वर्ष उत्तर प्रदेश 12वें स्थान पर था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को साकार करने के लिये उत्तर प्रदेश प्रयासरत है।

24 घंटे में कोरोना के रिकार्ड 6777 नये मामले आये सामने 
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 6777 नये मामले सामने आये हैं जो एक रिकार्ड है। वहीं लखनऊ की बात करें तो राजधानी में 5 सितंबर को पहली बार एक साथ 1000 मरीज मिले। इसी के साथ लखनऊ उत्तर प्रदेश का पहला ऐसा जिला बन गया है, जहां एक दिन में 1000 से ज्यादा मामले आए हों। इतना ही नहीं राजधानी में 18 और मरीजों की मौत से जिले में मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 420 पार कर गई है। अब प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 61625 हो गई है। 

विगत 24 घंटों में कोरोना के 6777 नए मामले:  अमित मोहन प्रसाद 
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने रविवार को बताया कि विगत 24 घंटों में कोरोना के 6777 नए मामले सामने आए हैं जिन्हें मिलाकर एक्टिव मामलों की कुल संख्या 61,625 पहुंच गई है। अब तक मिले कुल मामलों में 2 लाख 738 मरीज ठीक होकर घरों को लौट चुके हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को प्रदेश में एक लाख 55 हजार 946 सैंपल्स टेस्ट किये गये जो एक रिकार्ड है। राज्य में अब तक कुल 65,00,969 सैंपल्स की जांच की जा चुकी है।

32,094 लोग होम आइसोलेशन में हैं:  अमित मोहन प्रसाद 
प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में 32,094 लोग होम आइसोलेशन में हैं। अब तक 1,23,802 लोगों ने होम आइसोलेशन का विकल्प लिया है, जिसमें से 91,708 का होम आइसोलेशन की अवधि समाप्त हो चुकी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कंटेनमेंट जोन की संख्या अब 18,380 हो गई है जिनमें लगभग 15,46,000 मकान चिन्हित हैं, लगभग 89 लाख लोग इन कंटेनमेंट जोन में रह रहे हैं। कंटेनमेंट जोन में पॉजिटिव मामलों की संख्या 45,275 है।

Ajay kumar