भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है योगी सरकार- बलात्कार, बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार चरम सीमा पर: संजय सिंह

punjabkesari.in Monday, Mar 22, 2021 - 08:19 AM (IST)

पीलीभीत: आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि नफरत की राजनीति करने वाली उत्तर प्रदेश की योगी सरकार भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है। पीलीभीत में पंचायती चुनाव में वार्ड नंबर 20 से जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी जफर सुपारी के पक्ष में जनसभा करने पहुंचे सिंह ने योगी सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार नफरत की राजनीति कर रही है। उनकी पार्टी इसका विरोध करती है। भाजपा सरकार में बलात्कार, बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गए हैं।

संजय सिंह ने यह भी कहा कि राजनीतिक द्वेष में उनके ऊपर प्रदेश के मुखिया ने 14 मुकदमा लिखाए है। अगर वह देशद्रोही हैं तो उन्हे यहां होने के बजाय जेल में होना चाहिए। योगी सरकार के यह 4 वर्ष झूठे और दिखावे के है। राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने जनता से कहा है कि वह बिजली पानी और शिक्षा को यूपी में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर मुफ्त करवाने का काम करेंगे।

Content Writer

Anil Kapoor