योगी सरकार के मंत्री को चूहे ने काटा, तबीयत बिगड़ने पर रात 3 बजे कराया अस्पताल में भर्ती...मचा हड़कंप

punjabkesari.in Monday, May 02, 2022 - 11:43 AM (IST)

बांदा: यूपी के बांदा में उस वक्त हड़कंप मच गया जब योगी सरकार के मंत्री गिरीश चंद्र यादव को रविवार देर रात जहरीले कीड़े ने काट लिया। इसके थोड़ी देर बाद मंत्री गिरीश की हालत बिगड़ने लग गई। ऐसे मे उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, सूचना पर डीएम से लगाकर एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। वहीं पुलिस प्रशासन में रातभर हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, बांदा जिले में योगी सरकार के मंत्री गिरीश चन्द्र यादव उत्तर प्रदेश शासन की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का निरीक्षण करने के लिए आए थे। इस दौरान मंत्री मवई बायपास स्थित सर्किट हाउस में रुके। वहीं, सर्किट हाउस में अचानक देर रात करीब 3 बजे उन्हें सोते समय चूहे ने काट लिया। चूंकि, सर्किट हाउस के आसपास घना जंगल है, इसलिए मंत्री जी सांप के काटने के चलते डर गए। जिसके चलते स्थानीय प्रशासनिक अमले के हाथ पांव फूल गए। इसके बाद मंत्री को आनन-फानन में जिला हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया।

इस बारे में सीएमएस डॉ. एसएन मिश्र ने बताया कि मंत्री गिरीश चंद्र को चूहे ने काट लिया था। आसपास जंगल होने के चलते मंत्री को ऐसा लगा कि सांप ने काट लिया है। रात 3 बजे उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया। जब पुष्टि हुई कि सांप ने नहीं चूहे ने काटा है, तब जाकर सुबह 6 बजे उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। सुबह भी चेकअप कराया गया. मंत्री की तबीयत बिल्कुल ठीक है। 


 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj