योगी सरकार के मंत्री संजय गंगवार को MP-MLA कोर्ट ने सुनाई 3 महीने की सजा, जानिए क्या है पूरा मामला

punjabkesari.in Sunday, Dec 18, 2022 - 08:15 AM (IST)

पीलीभीत: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्रालय के राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार को पीलीभीत की विशेष MP/MLA अदालत ने आचार संहिता उल्लंघन के दो अलग-अलग मामलों में 3-3 महीने की सजा सुनाई है। इसके साथ ही कोर्ट ने मंत्री पर 2-2 हजार रुपए का आर्थिक दंड भी लगाया है। हालांकि राज मंत्री संजय सिंह गंगवार को सजा सुनाए जाने के तुरंत बाद मुचलके पर जमानत मिल गई है।

3-3 महीने की सजा और 2-2 हजार रुपए का आर्थिक दंड
जानकारी मुताबिक संजय सिंह गंगवार 2012 में पीलीभीत की सदर विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (BSP) के टिकट पर चुनाव लड़े थे। इस दौरान आचार संहिता उल्लंघन के 3 अलग-अलग मामले पीलीभीत की थाना सुनगढ़ी पुलिस ने उनके खिलाफ दर्ज किए थे। जिसमें से एक मामले में दोष साबित नहीं हो पाया जबकि आचार संहिता उल्लंघन के 2 अन्य मामलों में दोष साबित हो गया। इन दोनों मामलों  में संजय सिंह गंगवार को दोषी ठहराते हुए न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया गया था, जिसकी सुनवाई एमएलए-एमपी कोर्ट में चल रही थी। शनिवार को एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई के दौरान संजय सिंह गंगवार को जज प्रियंका रानी ने दोषी करार देते हुए दोनों ही मामलों में 3-3 महीने की सजा सुनाई और साथ ही 2-2 हजार रुपए का आर्थिक दंड भी लगाया।

साल 2012 में BSP के टिकट पर चुनाव लड़ा था चुनाव
आपको बता दें कि गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्रालय के राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने सबसे पहले साल 2012 में बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि उस समय उन्हें समाजवादी पार्टी के स्वर्गीय रियाज अहमद से चुनावी हार का सामना करना पड़ा था। संजय सिंह गंगवार पीलीभीत के एक ब्लॉक से ब्लॉक प्रमुख भी रह चुके हैं। संजय सिंह ने ग्रेजुएशन किया है। 2017 में भाजपा की टिकट से वह एक बार फिर चुनावी मैदान में उतरे। इसके बाद 2022 में वह दूसरी बार विधायक बने, इसके बाद योगी सरकार में उन्हें मंत्री पद दिया गया।

Content Editor

Anil Kapoor