योगी सरकार का एजेण्डा है UP में हिंसा व अराजकता को उखाड़ फेंकनाः स्वतंत्रदेव

punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2020 - 08:50 AM (IST)

लखनऊः  उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि राजनीतिक इच्छाओं की पूर्ति के लिए हिंसा एवं अराजकता के आरोपियों के समर्थन में खड़े होकर विपक्षी दल के नेता आखिर क्या संदेश देना चाहते हैं। सिंह ने कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों पर सवाल खडे़ करते हुए कहा कि कभी आंतकी घटनाओं के आरोपियों और कभी हिंसा और अराजकता करने वालों का समर्थन करने वाले दलों के नेताओं को अब जनता के बीच जवाब देना चाहिए कि आखिर ऐसा करने के पीछे उनका मकसद क्या है।

उन्होंने कहा कि जो दल परिवारवाद से ऊपर नहीं उठ पा रहे वे जनता का भला क्या सोचेगें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश में पूर्ववर्ती सरकारों की तरह हिंसा व अराजकता का वातावरण नहीं बनने देगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने आज बांगरमऊ विधानसभा के उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी श्रीकान्त कटियार के समर्थन में चुनाव प्रचार किया। उन्होंने अनुसूचित मोर्चा, पिछड़ावर्ग मोर्चा, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा के सम्मेलनों को भी सम्बोधित किया।      

 प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार के एजेण्डे में गांव, गरीब, किसान, नौजवान, शोषित, पीड़ित, वंचित, पिछड़ों-दलितों सहित समाज के सभी वर्गों के जीवन में खुशहाली लाना है। उन्होंने कहा कि हर गरीब को छत, बेहतर स्वास्थ्य व शिक्षा की सुविधाएं, रसोई गैस, किसान सम्मान निधि सहित लोककल्याण की अनगिनत योजनाओं को भाजपा सरकार ने लागू करने का काम किया है। 

 

 

 

Moulshree Tripathi