Yogi Government का आधी रात बड़ा फेरबदल: 34 IAS इधर से उधर, कई जिलों के बदले DM... देखें पूरी लिस्ट
punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 07:06 AM (IST)
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में मंगलवार देर रात एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला। राज्य सरकार ने ताबड़तोड़ फैसले लेते हुए 34 IAS अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी कर दिए। इस बड़े फेरबदल के तहत प्रदेश के कई अहम जिलों के जिलाधिकारियों से लेकर शासन के उच्च विभागों में तैनात आला अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल दी गई हैं।



कई जिलों की कमान नए DM के हाथ
हरदोई और मुरादाबाद
हरदोई के जिलाधिकारी अनुनय झा को अब मुरादाबाद के डीएम पद की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, राज्य कर विभाग में विशेष सचिव के रूप में कार्यरत राहुल पाण्डेय को हरदोई का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
कानपुर नगर और कुशीनगर
कानपुर नगर के डीएम रहे जितेन्द्र प्रताप सिंह को अब उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक पद पर भेजा गया है। उनकी जगह कुशीनगर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर को कानपुर नगर का नया डीएम नियुक्त किया गया है। वहीं, अमेठी के जिलाधिकारी संजय चौहान को कुशीनगर की कमान सौंपी गई है।
अमेठी और बागपत
इन्वेस्ट यूपी तथा यूपीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शशांक चौधरी को अमेठी का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। मुरादाबाद के नगर आयुक्त दिव्यांशू पटेल को पदोन्नत कर बागपत का डीएम तैनात किया गया है।
आगरा, एटा और संत कबीर नगर
आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली को एटा का नया डीएम बनाया गया है। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA) की मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक को संत कबीर नगर के जिलाधिकारी पद की जिम्मेदारी मिली है।
पीलीभीत से बलिया तक प्रशासनिक बदलाव
संत कबीर नगर के निवर्तमान डीएम आलोक कुमार को पीलीभीत का नया जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि पीलीभीत के डीएम रहे ज्ञानेन्द्र सिंह को अब बलिया का नया डीएम नियुक्त किया गया है।
अन्य प्रमुख जिलास्तरीय बदलावों में:-
नमामि गंगे और ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के विशेष सचिव प्रभास कुमार को महोबा का जिलाधिकारी बनाया गया है। विशेष सचिव पिछड़ा वर्ग कल्याण उमेश प्रताप सिंह को बिजनौर का नया डीएम नियुक्त किया गया है। बिजनौर की निवर्तमान डीएम जसजीत कौर को उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक (MD) पद पर भेजा गया है। विशेष सचिव नगर विकास सत्य प्रकाश पटेल को हाथरस का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। अशोक कुमार को हमीरपुर जिले के नए डीएम के रूप में तैनाती दी गई है। मंगलवार देर रात जारी हुई इस तबादला सूची के बाद संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपना नया पदभार ग्रहण करने के निर्देश दे दिए गए हैं। शासन के इस कदम से प्रशासनिक स्तर पर काम-काज की गति में और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

