योगी सरकार के 8 साल: अब तक 222 दुर्दांत अपराधी पुलिस एनकाउंटर में ढेर, 142 अरब से अधिक की सम्पत्ति जब्त

punjabkesari.in Sunday, Mar 16, 2025 - 05:31 PM (IST)

Lucknow News, (अश्वनी कुमार सिंह): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत उत्तर प्रदेश में अपराध और अपराधियों पर पुलिस का कड़ा प्रहार जारी है। राज्य पुलिस ने 20 मार्च 2017 से मार्च 2025 तक की कार्रवाई में 222 दुर्दांत अपराधियों को मुठभेड़ों में मार गिराया गया, जबकि 142 अरब रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की। इन अभियानों में 17 से अधिक पुलिसकर्मी अपनी जान की कुर्बानी दे चुके हैं।

योगी सरकार के 8 साल में हुए ताबड़तोड़ एनकाउंटर
बता दें कि प्रदेश में 17 मार्च को योगी सरकार के 8 साल पूरे हो रहे हैं। इस मौके पर सरकार हर मोर्चे पर किए गए अपने प्रयासों और उपलब्धियों के बारे में लगातार बताने का प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में जानकारी मिली है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने साल 2017 से लेकर अब तक उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिये ताबड़तोड़ एनकाउंटर किए। जिनमें उत्तर प्रदेश के ज़्यादातर इनामी बदमाशों को मार गिराया गया। अब तक पुलिस मुठभेड़ में 222 दुर्दांत अपराधी ढेर हुए हैं जबकि 8,118 घायल हुए। 20,221 इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया गया, 79,984 पर गैंगस्टर की कार्यवाही हुई। 930 के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई के साथ 142 अरब से अधिक की संपत्ति को जब्त किया गया।

ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत 51 अभियुक्तों को मृत्युदंड
जुलाई 2023 से दिसंबर 2024 तक ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत एक्शन में 51 अभियुक्तों को मृत्युदंड, 6,287 अपराधियों को आजीवन कारावास, 1,091 अपराधियों को 20 वर्ष से अधिक की सजा दिलाई गई। एसटीएफ ने वर्ष 2017 से अब तक 653 जघन्य अपराध घटित होने से पहले ही रोके लिए। साथ ही एटीएस ने 2017 से अब तक 130 आतंकवादियों और 171 रोहिंग्या/बांग्लादेशी अपराधियों और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mamta Yadav

Related News

static