बागपत की धरती पर योगी ने किसानों के लिए खोला विकास योजनाओं का पिटारा

punjabkesari.in Sunday, Dec 24, 2017 - 10:02 AM (IST)

बागपत: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अन्नदाता खुशहाल होगा तो देश का विकास स्वत: हो जाएगा। योगी शनिवार को रमाला स्थित चीनी मिल की पेराई क्षमता में वृद्धि के शिलान्यास समारोह में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

इस दौरान उन्होंने कहा कि देश का अन्नदाता खुशहाल होगा तो प्रदेश का विकास होगा। जब प्रदेश का विकास होगा तो देश का विकास स्वत: ही हो जाएगा। उन्होंने किसानों के विकास के लिए करीब 500 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं को हरी झंडी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों के लिए 70 हजार करोड़ की धनराशि खर्च करने का प्रावधान किया है। इसके तहत किसानों के लिए कई विकास योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जाएगा।

योगी ने मिलों की पेराई क्षमता बढ़ाने के लिए 302 करोड़ रुपए की राशि खर्च करने का ऐलान किया। अब प्रदेश के किसानों, व्यापारियों तथा युवाओं को किसी भी अन्याय का सामना नहीं करना पड़ेगा। प्रदेश सरकार में युवाओं का हित सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि अगले चालू वर्ष में पुलिस विभाग में एक लाख 30 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती की जाएगी। मुख्यमंत्री ने उद्यमियों से आह्वान किया कि वे प्रदेश में निवेश करें, इसके बदले सरकार उनको सुरक्षा एवं सुविधा की गारंटी देगी। उन्होंने कहा कि 3 वर्षों के अंदर प्रदेश में 5 लाख करोड़ रुपए का निवेश होगा जिसमें प्रदेश के 20 लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा।

योगी ने कहा कि दिल्ली-सहारनपुर हाईवे निर्माण के लिए प्रदेश सरकार ने आने वाली सभी बाधाएं दूर कर दी हैं और अब इसका निर्माण अतिशीघ्र शुरू हो जाएगा। जनसभा को प्रदेश के गन्ना विकास राज्यमंत्री सुरेश राणा, केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. सतपाल सिंह, प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने भी संबोधित किया।