योगी के मंत्री ने आसपास के सभी घरों को जबरन गेरुआ रंग में रंगाया, हुआ विवाद

punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2020 - 01:52 PM (IST)

प्रयागराज: संगम नगरी में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के घर के आस पास के सभी घरों को भगवा रंग में रग दिया गया है। इसके साथ ही इन घरों पर देवी देवताओं की तस्वीरें बनायी गईं हैं। वहीं इलाके के दो लोगों ने घरों की दीवारों को भगवा किये जाने का विरोध किया है। जिसके बाद मंत्री के मौसेरे भाई व उनके साथियों ने इन लोगों को धमकाते हुये उनके घरों को भगवा रंग में रंग दिया। जिसके बाद सपा नेता रवि गुप्ता और इलाके के रिटायर्ड पशु चिकित्सक ने मंत्री के रिश्तेदार व अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली में शिकायत की। जिसके बाद पुलिस ने मामले में नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी।

आपको बता दें कि कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी का घर बहादुर गंज इलाके में है। घर के पास ही एक पुराना शिव मंदिर हैं जहां पर कैबिनेट मंत्री भी पूजा पाठ करने जाते हैं। इसी मंदिर के बाहर हर साल कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी अपना पुनर्जन्मोत्सव कार्यक्रम मनाते रहे हैं। लेकिन इस साल कोरोना की वजह से उन्होंने भंडारा व अन्य आयोजन नहीं किया । लेकिन बहादुरगंज के इस शिव मंदिर के आसपास सड़क पर बने सभी घरों को भगवा रंग में रंग दिया गया। जिसका इलाके में रहने वाले सपा नेता रवि गुप्ता ने विरोध किया औऱ अपना घऱ भगवा रंगने से मना किया। जिसके बाद मंत्री के मौसेरे भाई और उसके साथियों ने उन लोगों को धमकाते हुये घर को भगवा कर दिया।

PunjabKesari
जो विरोध कर रहा है उसे धमकाया जा रहा: सपा नेता 
सपा नेता का आरोप है कि कैबिनेट मंत्री और महापौर अभिलाषा की वजह से ही पूरे इलाके को एक ही रंग में रंगा जा रहा है। मंत्री के रुतबे और डर की वजह से लोग खुलकर विरोध नहीं कर पा रहे हैं। जो शिकायत कर रहा है उसे भी उनके लोग धमका रहे हैं।
 
PunjabKesari
योगी राज में मंत्री बेलगाम 
समाजवादी पार्टी औऱ कांग्रेस के नेता इसे वर्तमान सरकार के मंत्री की तानाशाही बता रहे हैं। उनका आरोप है कि योगीराज में उनके मंत्री बेलगाम हैं और जनता के मानवाधिकारों का खुलेआम हनन किया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री अपने घऱ के आसपास रहने वालों के साथ गुलामों जैसा बर्ताव कर रहे हैं। संविधान ने सभी को अपने ढ़ंग से खाने-पीने, रहने की आजादी दी है। किसी व्यक्ति के घर का रंग क्या होगा ये जबरन कोई तय नहीं कर सकता है। लेकिन संगम नगरी में मंत्री के शह पर उनके लोगों ने पूरे इलाके के घरों को जबरन भगवा करवा दिया है जिस पर योगी जी को संज्ञान लेकर कार्यवाई करने की अपील की गयी है।

कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने दी सफाई
कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी का कहना है कि इलाके के कुछ लोग सौन्दर्यीकरण का विरोध सिर्फ राजनैतिक वजहों से कर रहे हैं। पूरी गली को भगवा के साथ ही अलग अलग रंगों में रंगकर सुंदर बनाया जा रहा है लेकिन कुछ लोग अपनी राजनीति चमकाने के चक्कर के बिना वजह विरोध कर रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static