योगी के मंत्री का बयान-जिस जलमार्ग से प्रियंका प्रचार करने जा रही हैं वो मोदी के शासन में हुआ तैयार

punjabkesari.in Sunday, Mar 17, 2019 - 11:02 AM (IST)

आगराः उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस जलमार्ग से यात्रा कर प्रियंका चुनाव प्रचार करने जा रही हैं वो जलमार्ग भी मोदी सरकार के शासन में तैयार हुआ है। प्रियंका अब जलयात्रा कर प्रचार के लिए जा रही हैं। ये 2014 से पहले संभव नहीं था।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि विपक्षी दल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से घबराए हुए हैं और यही कारण है कि सभी एकजुट होते जा रहे हैं। सपा- बसपा गठबंधन पर पूछे गए सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस जोड़ी से भाजपा को कोई खतरा नहीं है। खतरा उन्हीं लोगों को होगा, क्योंकि वे दिल से नहीं मजबूरी के कारण एक साथ हुए हैं।

उन्होंने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीएसटी द्वारा व्यापारियों के ऊपर चल रहे इंसपेक्टर राज को खत्म किया गया है। इससे व्यापारियों को लाभ मिल रहा है। स्वास्थ्य मंत्री आगरा में माथुर वैश्य सभागार पचकुइयां में शनिवार को आयोजित भाजपा व्यापारी सम्मेलन में भाग लेने आए हुए थे।

Ruby